Thailand-Cambodia conflict with Malaysia meeting: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया है. सोमवार सुबह नई झड़पें शुरू हो गईं, जब दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गईं. थाईलैंड के सा काओ प्रांत में कंबोडिया की ओर से भारी हथियारों से फायरिंग हुई, जिससे घरों में आग लग गई और लोग दहशत में आ गए. वहीं, कंबोडिया की सरकारी न्यूज एजेंसी अगेंस कंपुचिया प्रेस ने बताया कि थाईलैंड ने F-16 फाइटर जेट से बॉम्ब गिराए और प्रे चान गांव में जहरीली गैस का इस्तेमाल किया. ऑनलाइन वीडियो में बच्चे रोते हुए दिखे, लोग बंकरों में छिपे हुए दिख रहे हैं.

लाखों लोग बेघर
थाई मीडिया मॉर्निंग न्यूज टीवी 3 के मुताबिक, ये फायरिंग दोनों तरफ से हुई है. लेकिन थाई सरकार ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया. इस तनाव से पहले ही 8 दिसंबर से शुरू हुए संघर्ष में कम से कम 40 लोग मारे जा चुके हैं. थाईलैंड में 34 नागरिकों की मौत हुई, जबकि दोनों तरफ करीब 9 लाख 25 हजार लोग विस्थापित हो चुके हैं. जिसमें कंबोडिया में 5 लाख 25 हजार और थाईलैंड में 4 लाख करीब लोगों की जिंदगी में भूचाल मचा है. लोग राहत शिविरों में गुजर-बसर कर रहे हैं, लेकिन अब कुछ इलाकों में हालात सुधरने से लोग घर लौटने लगे हैं.

थाई पीएम का दावा: हमने इलाके कब्जा लिए, कंबोडिया पीछे हट रहा
इस नई मारपीट के पहले थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने सुरिन प्रांत में मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि थाई सेना ने लगभग सभी चिन्हित इलाकों पर नियंत्रण कर लिया है. उन्होंने कहा, “कंबोडिया की सेना को पीछे हटने के लिए मजबूर किया जा रहा है. हम कड़ी निगरानी रख रहे हैं ताकि कोई नई झड़प न हो.” अनुतिन ने जोर देकर कहा कि थाईलैंड ने कभी आक्रामक रुख नहीं अपनाया और सभी कदम देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए हैं. उन्होंने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया कि आसियान मीटिंग में थाईलैंड का पक्ष मजबूती से रखा जाए. रविवार को भी तनाव बना रहा. थाईलैंड के सा काओ प्रांत में कंबोडिया की ओर से गोलाबारी हुई, जिससे अधिकारियों को लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजने का नोटिस जारी करना पड़ा. इसके अलावा, त्रात प्रांत में एक थाई मरीन सैनिक लैंडमाइन पर पैर पड़ने से घायल हो गया. थाई नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, “यह दिखाता है कि कंबोडिया अभी भी लैंडमाइन का इस्तेमाल कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है.”

Add Zee News as a Preferred Source

कंबोडिया के आरोप: थाईलैंड ने की बॉम्बबारी और गैस अटैक
दूसरी तरफ, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने थाईलैंड पर बांते मेन्चे प्रांत में चार बॉम्ब गिराने और जहरीली गैस फेंकने का आरोप लगाया है. मंत्रालय ने कहा, “हमारी सेनाएं बहादुरी से देश की रक्षा कर रही हैं.” अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संघर्ष ने जुलाई में मलेशिया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्रोकर की गई सीजफायर डील को खतरे में डाल दिया है. विस्थापितों की संख्या बढ़ती जा रही है, और दोनों देश एक-दूसरे पर उल्लंघन का इल्जाम लगा रहे हैं.

शांति की उम्मीद: आसियान मीटिंग और अंतरराष्ट्रीय प्रयास
इन झड़पों के बीच, आसियान के विदेश मंत्रियों की स्पेशल मीटिंग मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में हो रही है. यहां थाईलैंड और कंबोडिया के प्रतिनिधि पहली बार आमने-सामने होंगे. मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने उम्मीद जताई कि दोनों देश बातचीत से समाधान निकालेंगे. मीटिंग में अमेरिका से मिले सैटेलाइट डेटा और फील्ड ऑब्जर्वेशन पेश किए जाएंगे. अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने दोनों पक्षों से हथियार छोड़ने, लैंडमाइन हटाने और कुआलालंपुर पीस एकॉर्ड लागू करने की अपील की. चीन भी अलग से डिप्लोमैटिक कोशिशें कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला.यह विवाद दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है. उम्मीद है कि आसियान की मीटिंग से कोई रास्ता निकलेगा, वरना तनाव और बढ़ सकता है.