दुबई के एक लग्जरी होटल में हुई खौफनाक वारदात ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है. प्यार, शक और टूटे रिश्ते की यह कहानी आखिरकार खून में बदल गई. रूस से हजारों किलोमीटर दूर दुबई पहुंचा एक शख्स, होटल की वर्दी पहनकर अंदर दाखिल हुआ और अपनी ही एक्स-वाइफ की बेरहमी से हत्या कर दी. एक्स-वाइफ उसकी एक फ्लाइट अटेंडेंट थी, जो अपने काम के सिलसिले में होटल में ठहरी हुई थी. शुरुआती तौर पर मामला एक सामान्य हत्या का लग सकता है, लेकिन जांच में सामने आई तो लोग हैरान हो गए.
दुबई होटल में मर्डर से मचा हड़कंप
दुबई के वॉको बोनिंगटन होटल में पिछले हफ्ते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. 25 साल की अनास्तासिया, जो रूस की Pobeda एयरलाइंस में फ्लाइट अटेंडेंट थीं, अपने होटल के कमरे में मृत पाई गईं. पुलिस के मुताबिक, उनके शरीर पर गर्दन, धड़ और हाथ-पैर पर कम से कम 15 चाकू के वार किए गए थे. वह खून से लथपथ हालत में मिलीं. होटल स्टाफ को जब शक हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
होटल के भीतर कैसे घुसा आरोपी?
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 41 वर्षीय अल्बर्ट मॉर्गन, जो अनास्तासिया का एक्स-हसबैंड था, बेहद चालाकी से होटल में घुसा. उसने होटल की लॉन्ड्री से एक बाथरोब लिया, खुद को मेहमान बताया और एक महिला स्टाफ को झांसे में लेकर कमरे तक पहुंच गया. मॉर्गन पेशे से लीगल कंसल्टेंट था और दोनों की शादी करीब दो साल चली थी. अलग होने के बाद उसने अनास्तासिया के निजी मैसेज पढ़े और उसे शक हो गया कि वह एस्कॉर्ट का काम करती थी. इसी शक ने उसे दुबई तक खींच लाया.
पहले की थी अलग योजना, फिर बढ़ा विवाद
जांच एजेंसियों के अनुसार, मॉर्गन की शुरुआती योजना अनास्तासिया को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी. वह कथित तौर पर उसके ऊपर हरा पेंट डालना और कैंची से उसके बाल काटना चाहता था. लेकिन जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि हालात काबू से बाहर हो गए और मॉर्गन ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. कुछ घंटों बाद अनास्तासिया को मृत पाया गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी घरेलू झगड़े हो चुके थे, लेकिन महिला ने शिकायतें वापस ले ली थीं.
गिरफ्तारी, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और आगे की कार्रवाई
सीसीटीवी फुटेज की मदद से दुबई पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली और रूसी अधिकारियों से संपर्क किया. रूस लौटते ही मॉर्गन को गिरफ्तार कर लिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले ड्रग्स के मामले में सात साल जेल भी काट चुका है. गिरफ्तारी के बाद उसने यूक्रेन युद्ध में भेजे जाने की मांग की, ताकि जेल से बच सके, लेकिन यह कोशिश नाकाम रही. फिलहाल उसे दो महीने की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है. यह केस एक बार फिर रिश्तों में शक के खतरनाक अंजाम की याद दिलाता है.
