News in Brief

Vignesh Puthur: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले दिन ही रिकॉर्ड्स का अंबार लग गया. बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 574 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी. कर्नाटक ने झारखंड के खिलाफ मैच में 413 रनों का पीछा भी कर लिया. इन सब के बीच एक ऑटो ड्राइवर के बेटे ने वो करिश्मा किया, जो इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में किसी ने नहीं किया था.

हम बात कर रहे हैं युवा मिस्ट्री स्पिनर विग्नेश पुथुर की, जिन्होंने गेंद से नहीं बल्कि फील्डिंग में ये वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके पुथुर घरेलू क्रिकेट में केरल के लिए खेलते हैं. बुधवार को त्रिपुरा के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 6 कैच पकड़े और क्रिकेट रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया.

विग्नेश पुथुर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Add Zee News as a Preferred Source

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले राउंड में बुधवार को केरल का मुकाबला त्रिपुरा से हुआ. अहमदाबाद के गुजरात कॉलेज ग्राउंड पर हुए मैच में विग्नेश पुथुर ने 6 कैच लपके. लिस्ट ए क्रिकेट में बतौर फील्डर (विकेट कीपर के अलावा) किसे ने एक मैच में छह कैच नहीं पकड़े थे. इसके साथ ही विग्नेश पुथुर ने इतिहास रच दिया. दिलचस्प बात ये है कि पुथुर का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड खास इसलिए है, क्योंकि उन्होंने एक झटके में 21 खिलाड़ियों को पछाड़ कर ये उपलब्धि हासिल की है. बता दें कि लिस्ट ए क्रिकेट में 21 खिलाड़ियों के नाम एक मैच में 5 कैच पकड़ने का रिकॉर्ड है. हालांकि, विग्नेश पुथुर 6 कैच के साथ सबसे आगे निकल चुके हैं.

पिता हैं ऑटो ड्राइवर

बता दें कि बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर आईपीएल 2025 में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू में कमाल किया था. 25 साल के उभरते हुए खिलाड़ी केरल के मलप्पुरम से आते हैं. पुथुर ने 11 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरु कर दिया था। पुथुर के पिता सुनील कुमार ऑटो चलाते हैं और उनकी मां के.पी. बिन्दु एक हाउसवाइफ हैं.

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे

आईपीएल 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में केरल के युवा खिलाड़ी को राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख में खरीदा. विग्नेश पुथुर ने आईपीएल में अब तक 5 मुकाबले खेले हैं और 6 विकेट चटकाए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेब्यू पर उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए थे.

ये भी पढ़ें: Sakibul Gani: शतक लगाकर आना… मां ने गहने बेचकर देखा ये सपना, सकीबुल गनी ने पूरा किया वादा, रुला देगी ये कहानी