
Russia Ukraine War Latest Updates: पिछले 3 साल से युद्ध में उलझे रूस और यूक्रेन में शांति की राह खुलने के आसार बनने लगे हैं. मध्यस्थता कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुद्दे पर रविवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की. उन्होंने इस बातचीत को अच्छी और बहुत उत्पादक बताया है. उनकी यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब ट्रंप यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ फ्लोरिडा में मुलाकात करने वाले हैं. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए योजना तैयार करना है.
मैंने पुतिन के साथ उत्पादक बातचीत की- ट्रंप
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘मैंने अभी-अभी रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक अच्छी और बहुत उत्पादक टेलीफोन कॉल की है. यह बातचीत यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ मेरी बैठक से पहले हुई है.’ यह बैठक ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिसॉर्ट में मुख्य डाइनिंग रूम में होनी है, जहां मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने भी इस फोन कॉल की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि बातचीत का विवरण पुतिन के सहायक यूरी उशाकोव देंगे. उन्होंने इस बातचीत को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह कॉल ट्रंप की यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की पहल का हिस्सा है. साथ ही वैश्विक मुद्दों पर मॉस्को और वाशिंगटन के बीच संवाद बनाए रखने की दिशा में अहम कदम भी है.
यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर बन सकती है सहमति
बताते चलें कि ट्रंप प्रशासन पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए एक शांति योजना पर काम रहे हैं. इस योजना में पहले 28 बिंदु शामिल किए गए थे. जिन्हें अब घटाकर 20 कर दिया गया है. इस योजना में यूक्रेन की संप्रभुता की मान्यता, रूस के साथ अटैक न करने का समझौता, अमेरिका- नाटो और यूरोपीय देशों से मजबूत सुरक्षा गारंटी, डोनबास क्षेत्र को विशेष आर्थिक क्षेत्र बनाना और जोपोरिज्जिया न्यूक्लियर प्लांट के संयुक्त प्रबंधन जैसे प्रस्ताव शामिल हैं.
ट्रंप की इस शांति योजना पर जेलेंस्की भी सहमत नजर आते हैं. उनका कहना है कि यह योजना 90% तैयार है. अब ट्रंप के साथ बैठक में इसे 100% तक पूरा करने का लक्ष्य है. हालांकि पुतिन इस योजना से खास उत्साहित नहीं है. वे बार-बार पूरे डोनबास क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण की मांग कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने यूक्रेन की नाटो सदस्यता पर रोक लगाने की शर्त रखी है.
यूरोपीय नेताओं से भी बात कर सकते हैं ट्रंप
दोनों पक्षों की शर्तों के बीच ट्रंप की रणनीति है कि वे पहले पुतिन से बात करके रूसी पक्ष की सहमति सुनिश्चित करें. इसके बाद वे जेलेंस्की के साथ बैठक करके इस योजना को अंतिम रूप दें. संभावना है कि जेलेंस्की के साथ बैठक में वे पहले की तरह यूरोपीय नेताओं को फोन करके उनसे भी चर्चा कर सकते हैं.

