
एक टी20 मैच में 400 रन का आंकड़ा पार होना आम बात नहीं है. फिर बात महिलाओं की हो तो ये कारनामा और भी मुश्किल हो जाता है. लेकिन भारत और श्रीलंका के बीच चौथे टी20 मुकाबले में नया महारिकॉर्ड कायम हो गया. महिला टी20 इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ जब 400 रन का पहाड़नुमा आंकड़ा पार हो गया. भारत और श्रीलंका, दोनों की टीमों की तरफ से दमदार बैटिंग देखने को मिली. टीम इंडिया ने श्रीलंका को 222 रन का लक्ष्य रख दिया, जिसके जवाब में लंका ने भी दमदार शुरुआत की थी.
श्रीलंका ने जीता था टॉस
तिरवनंतपुरम में हुए इस मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. जिसके बाद भारत की ओपनर्स शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना भूखी शेरनियों की तरह गेंदबाजों पर टूट पड़ीं. शेफाली ने 12 चौकों और एक छक्के की बदौलत 46 गेंद में 179 रन की पारी खेली. वहीं, स्मृति मंधाना ने 11 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 48 गेंद में 80 रन ठोककर टीम इंडिया को बेहद दमदार शुरुआत दी. दोनों के बीच 162 रन की पार्टनरशिप देखने को मिली.
ऋचा-हरमनप्रीत ने 200 पार किया आंकड़ा
स्मृति और शेफाली के विकेट के बाद ऋचा घोष और हरमनप्रीत ने टीम को 200 पार पहुंचाने का जिम्मा उठाया. ऋचा ने 4 चौके और 3 छक्कों की बदौलत महज 16 गेंद में ही 40 रन की पारी खेली. वहीं, कप्तान कौर ने 10 गेंद में 16 रन बनाकर टीम के स्कोर को 221 तक पहुंचा दिया. जिसके जवाब में श्रीलंका ने भी शुरुआत दमदार की लेकिन फिर ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गई. श्रीलंका ने 6 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए.
ये भी पढ़ें.. 120 गेंद पर 221 रन… ‘घायल शेरनी’ की तरह दहाड़ीं मंधाना, शेफाली ने भी मचाया गदर
दूसरी बार पार हुआ 400 का आंकड़ा
इस मुकाबले में कुल 412 रन बने. महिला टी20 के इतिहास में दूसरी बार इस फॉर्मेट में 400 का आंकड़ा पार हुआ. इससे पहले 2023 में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबले में 425 रन बने थे. ऐसे में 2 साल पुराना ये रिकॉर्ड आज बाल-बाल बच गया. फुल मेंबर टीमों के रिकॉर्ड में अब ये दो मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए हैं. भारत और इंग्लैंड के बीच 2018 में बना 397 रन का रिकॉर्ड अब तीसरे नंबर पर खिसक चुका है.
