
साल 2025 ने क्रिकेट को खास यादें दीं. रोहित शर्मा की कप्तानी में साल की शुरुआत में ही भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया. सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने परचम लहराया. भारतीय शूटिंग दल ने साल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरनेशनल लेवल पर अपनी छाप छोड़ी है. एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के साथ देश ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल और आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 (राइफल/पिस्टल) में अपनी चमक बिखेरी. आइए, इस साल शूटिंग में भारत की प्रमुख उपलब्धियों पर नजर डालते हैं.
ISSF वर्ल्ड कप फाइनल
दोहा में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 मेडल अपने नाम किए. पिस्टल, राइफल और शॉटगन तीन वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में दूसरे पायदान पर रहा. भारत ने 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिमरनप्रीत कौर बरार ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि सुरूचि फोगाट ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को दूसरा गोल्ड दिलाया.
ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 (राइफल/पिस्टल)
भारत ने काहिरा में आयोजित इस चैंपियनशिप में कुल 13 मेडल अपने नाम किए, जिनमें 3 गोल्ड, 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे. सम्राट राणा ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल और रविंद्र सिंह ने पुरुष 50 मीटर पिस्टल में गोल्ड मेडल अपने नाम किए. इनके अलावा, सम्राट राणा, वरुण तोमर, श्रवण कुमार ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड पर निशाना साधा. वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन, गुरप्रीत सिंह ने पुरुष 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल, और अनीश भानवाला ने पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल ने व्यक्तिगत इवेंट में, जबकि ईशा सिंह-सम्राट राणा ने 10 मीटर एयर पिस्टल ने मिश्रित टीम इवेंट में सिल्वर जीते.
रविंद्र सिंह और कमलजीत ने जीते सिल्वर
टीम इवेंट में रविंद्र सिंह, कमलजीत, योगेश कुमार ने पुरुष 50 मीटर पिस्टल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वहीं, ईशा सिंह, मनु भाकर, सुरुचि सिंह ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल रजत पदक जीते. इनके अलावा, ईशा सिंह ने महिला 25 मीटर पिस्टल, एलावेनिल वालारिवन ने महिला 10 मीटर एयर राइफल और वरुण तोमर ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत पदक जीते. वहीं, एलावेनिल वालारिवन, मेघना सज्जनार, श्रेया अग्रवाल ने महिला 10 मीटर एयर राइफल के टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
ये भी पढे़ं.. कीवियों की धज्जियां उड़ाने वाले 3 खूंखार बॉलर…गिल को खलेगी इस मैच विनर की कमी
एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में कजाकिस्तान में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारत ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 99 मेडल अपने नाम किए. इनमें 50 गोल्ड, 26 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल थे। भारत पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा.

