News in Brief

शिक्षा मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

पीएम-युवा तृतीय चरण के परिणाम घोषित : 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में 43 युवा लेखकों का चयन

प्रविष्टि तिथि: 30 DEC 2025 3:10PM by PIB Delhi

शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक ट्रस्ट-एनबीटी-इंडिया द्वारा कार्यान्वित प्रधानमंत्री युवा लेखक मार्गदर्शन योजना-तृतीय के परिणाम एनबीटी-इंडिया की वेबसाइट पर घोषित कर दिए गए हैं। योजना का उद्देश्य नवोदित लेखकों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण के अवसर, संपादकीय सहायता और अपनी पुस्तक प्रकाशित करने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करना है। इससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप युवा लेखकों को उनके लेखन और विचारों द्वारा राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया जा सकेगा।

पीएम-युवा तीसरे चरण के तहत, 30 वर्ष से कम आयु के 43 युवा लेखकों का राष्ट्रीय स्तर पर 22 आधिकारिक भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में उनके पुस्तक प्रस्तावों के आधार पर चयन किया गया है। इनमें असमिया, बांग्ला, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, मैथिली, नेपाली, ओडिया, पंजाबी, संस्कृत, संथाली, सिंधी, तमिल, तेलुगु और उर्दू भाषा में लेखन प्रस्ताव शामिल हैं। व्यापक स्तर पर विभिन्न भारतीय भाषाओं में युवा लेखकों का चयन देश में समावेशी साहित्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य को बल देता है। चयननित नवोदित 43 लेखकों में 19 महिलाएं और 24 पुरुष हैं।

इन लेखकों के पुस्तक प्रस्ताव प्रसिद्ध विद्वानों के छह महीने के मार्गदर्शन में पुस्तक के रूप में विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक चयनित लेखक को 50 हजार रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति और प्रकाशित पुस्तक पर आजीवन 10 प्रतिशत की रॉयल्टी मिलेगी।

पीएम-युवा तृतीय चरण के विषयों में राष्ट्र निर्माण में भारतीय प्रवासी समुदाय का योगदान, भारतीय ज्ञान प्रणाली और आधुनिक भारत के निर्माता (1950-2025) शामिल रहे। चयनित पुस्तक प्रस्ताव अकाल्पनिक रचनाएं हैं जो इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, दर्शन, शासन, सामाजिक सुधार और भारत की वैश्विक भागीदारी जैसे विषयों द्वारा भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य को प्रतिबिंबित करती हैं।

चयनित लेखकों के लिए 10 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के दौरान राष्ट्रीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। पीएम-युवा तृतीय चरण के तहत पुस्तकों का पहला खंड अगले वर्ष प्रकाशित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य भारत और विदेशों में भारतीय साहित्य और विचार का प्रतिनिधित्व करने के लिए लेखकों की एक नई पीढ़ी का मार्गदर्शन और पोषण करना है।

***

पीके/केसी/एकेवी/एसके

(रिलीज़ आईडी: 2209824) आगंतुक पटल : 13

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese