
India women vs Sri Lanka Women: साल 2025 के आखिरी मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार जीत हासिल की. श्रीलंका के खिलाफ 5वें मैच को जीतकर भारत ने 5 मैचों की T20I सीरीज पर 5-0 से कब्जा किया. तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले ने शोर मचाया और उन्होंने अपनी दोस्त स्मृति मंधाना का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. हरमन ने 9 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली.
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को इस मैच में आराम मिला. टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और उन्होंने महज 41 रन पर 3 विकेट गंवा दिए.
मंधाना से आगे निकली हरमनप्रीत कौर
टीम इंडिया संकट में थी और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 158.14 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 43 गेंदों पर 68 रन बनाए. इस पारी के दौरान हरमन ने स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया. दरअसल, इस मैच से पहले तक श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाली भारतीय स्मृति मंधाना थीं, लेकिन स्मृति इस मैच में नहीं खेली और इसका फायदा हरमनप्रीत कौर को पहुंचा. 68 रनों की पारी के दौरान वो श्रीलंका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गईं. उन्होंने स्मृति के साथ-साथ जेमिमा रोड्रिगेज को भी पीछे छोड़ दिया.
श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड (भारतीय)
564 – हरमनप्रीत कौर (24 पारियां)
549 – स्मृति मंधाना (24 पारियां)
547 – जेमिमा रोड्रिग्स (16 पारियां)
424 – शेफाली वर्मा (14 पारियां)
— BCCI Women (@BCCIWomen) December 30, 2025
मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के आखिरी T20I में 68 रनों की अहम पारी खेलने वाली हरमनप्रीत कौर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. अब मिताली के साथ हरमनप्रीत कौर संयुक्त रूप से T20I में सबसे अधिक प्लेयर ‘ऑफ द मैच’ जीतने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं. दोनों ने 12 बार ये अवॉर्ड जीता है.
INDW vs SLW: भारत ने 5-0 से सीरीज पर किया कब्जा
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 175 रन बनाए. हरमनप्रीत कौर ने 68 रनों की पारी खेली, वहीं आखिरी ओवरों में गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने बल्ले से तेवर दिखाते हुए 11 गेंदों पर 27 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. इसके जवाब में श्रीलंका ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 160 रन बनाए. भारत ने 15 रन से मैच जीतकर सीरीज पर 5-0 से कब्जा किया.
ये भी पढ़ें: साल के अंत में स्मृति मंधाना के साथ ये क्या हो गया? नहीं मिला शुभमन के महारिकॉर्ड को तोड़ने का मौका
