
India ODI Schedule 2026: साल 2025 रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए शानदार रहा है. वे वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए टॉप पर रहे. दोनों ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी खुद को साबित किया. वे भले ही अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हों, लेकिन वे साबित कर रहे हैं कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. टेस्ट क्रिकेट के अलविदा कहने वाले रोहित-विराट 2025 में ईद के चांद बने रहे. वनडे मैचों में कमी के कारण दोनों कम ही मौकों पर भारत के लिए खेलते नजर आए. इन दो दिग्गजों ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब मिलकर जीता. उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में रनों की बरसात कर दी.
2027 वर्ल्ड कप की तैयारी
अब 2025 खत्म हो गया है, अब 2026 आने वाला है. वनडे वर्ल्ड कप 2027 में है, इसलिए रोहित और विराट के लिए 2026 एक अहम साल है. कोच और चीफ सेलेक्टर के तौर पर गौतम गंभीर और अजीत अगरकर साल के आखिर तक बैटिंग ऑर्डर तय करने की कोशिश करेंगे और वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी करेंगे. ऐसे में यह देखना है कि रोहित और विराट को इस साल कितने मैचों में मौका मिलता है.
38 के रोहित, 37 के विराट
रोहित और विराट के साथ समय नहीं है. रोहित 38 साल के हैं और 18 साल से खेल रहे हैं, जबकि कोहली 37 साल के हैं और 17 साल के अनुभवी हैं. 2026 में वे क्रमशः 39 और 38 साल के हो जाएंगे. अगर वे वर्ल्ड कप में जगह बनाते हैं, तो रोहित पहले ही 40 साल के हो जाएंगे, जबकि कोहली टूर्नामेंट के दौरान 39 साल के हो जाएंगे. इसका मतलब है कि उन्हें रेस में बने रहने के लिए अपने कप्तान शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ियों की तुलना में कम से कम दोगुनी मेहनत करनी होगी.
ये भी पढ़ें: भगदड़ में 11 की मौत, हैंडशेक कंट्रोवर्सी… 2025 में इन 5 विवादों ने क्रिकेट जगत को हिला डाला
2026 में कितने मैचों में आ सकते हैं नजर?
भारतीय टीम 2026 में 18 वनडे मैच खेलने वाली है. ये मैच घरेलू और विदेशी मैदान पर होंगे. इसकी शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से होगी. 11 से 18 जनवरी तक 3 मैच होंगे. इसके बाद जुलाई में टीम इंडिया को इंग्लैंड जाना है. वहां भी 14 से 19 जुलाई तक 3 वनडे मैच होंगे. इसके बाद टीम इंडिया सितंबर में बांग्लादेश के दौरे पर जा सकती है. भारत के अक्टूबर में वेस्टइंडीज से घरेलू सीरीज खेलनी है. दोनों टीमें तीन मैचों में आमने-सामने होंगी. अक्टूबर-नवंबर में भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी. वहां भी 3 वनडे मैच होंगे. इसके बाद साल के अंत में श्रीलंकाई टीम 3 वनडे मैच भारत में खेलेगी.
रोहित का जबरदस्त वनडे रिकॉर्ड
रोहित का रिकॉर्ड वनडे में शानदार है. 279 मैचों की 271 पारियों में उन्होंने 11516 रन बनाए हैं. उनका टॉप स्कोर 264 है जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. उन्होंने 33 बार 100 और 61 बार 50 बनाए हैं. इस खिलाड़ी के नाम तीन बार 200 और आठ बार 150 से ज्यादा के स्कोर हैं.’हिटमैन’ 352 छक्कों के साथ लिस्ट में टॉप पर हैं. उनका 49.21 का औसत भी शानदार है. इससे वह वनडे के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल किए जाते हैं.
ये भी पढ़ें: कोई हीरो तो कोई जीरो… CSK के एक अनकैप्ड प्लेयर ने 7 विकेट लेकर मचाई सनसनी तो दूसरे ने दे डाले 123 रन
वनडे के बादशाह हैं विराट
कोहली का वनडे रिकॉर्ड भी जबरदस्त है. उन्होंने 308 मैचों में 296 पारियां खेली हैं, जिसमें 47 बार नॉट-आउट रहे हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 183 है. विराट ने 14,557 रन बनाए हैं. विराट ने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 53 शतक लगाए हैं. उनके खाते में 76 अर्धशतक भी दर्ज हैं. कोहली का औसत 58.46 का रहा है. वह सबसे तेज 10,000, 11,000, 12,000, 13,000 और 14,000 वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं.
