
Smriti Mandhana Records In 2025: भारतीय क्रिकेट की ‘क्वीन’ कही जाने वाली स्मृति मंधाना के लिए साल 2025 किसी सपने से कम नहीं रहा. स्टार बल्लेबाज ने पूरे साल बल्ले से कोहराम मचाया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. सबसे बड़ा सपना 2 नवंबर, 2025 को पूरा हुआ, जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप पर कब्जा किया. हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने नवी मुंबई के डी वाई पाटील स्टेडियम में खेले गए फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर इतिहास रचा. महिला विश्व कप 2025 में भी स्मृति मंधाना ने बल्ले से आग उगलते हुए 434 रन बनाए. वो इस टूर्नामेंट में दूसरी सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थीं.
स्मृति मंधाना ने इस साल बल्ले से गदर मचाते हुए तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 1703 रन बनाए. 2025 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI में 50 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी. इस मामले में तो ‘क्वीन’ ने ‘किंग’ यानी विराट कोहली को भी पछाड़ दिया. कोहली ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 53 गेंदों पर सेंचुरी जड़ी थी. स्मृति मंधाना वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक ठोकने वाली भारतीय खिलाड़ी हैं. आइए नजर डालते हैं कि 2025 में स्मृति मंधाना का क्रिकेट सफर कैसा रहा है.
इस साल बनाए 1703 रन
स्मृति मंधाना ने साल 2025 में बल्ले से कहर बरपाते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में 1703 रन बनाए. 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों में मंधाना भारतीय कप्तान शुभमन गिल (1764) और शाई होप (1760) के बाद तीसरे स्थान पर रहीं। एक कैलेंडर वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शीर्ष स्कोररों में किसी भी महिला का यह सर्वश्रेष्ठ स्थान है.
50 गेंदों पर जड़ा रिकॉर्डतोड़ शतक
महिला वर्ल्ड कप 2025 से ठीक पहले स्मृति मंधाना ने कंगारुओं का शिकार करते हुए 50 गेंद पर शतक ठोककर सनसनी मचा दी थी. वो भारत की तरफ से (महिला और पुरुष) ODI में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाली खिलाड़ी हैं. इस मामले में उन्होंने विराट कोहली (52 गेंदों में) को पीछे छोड़ दिया.
2025 में जड़े 6 शतक
2025 में स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6 शतक जड़े. उनका छठा शतक इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आया, जो इस प्रारूप में उनका पहला शतक था। वह तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक बनाने वाली पहली भारतीय और पांचवीं महिला बनीं। उनसे पहले हीथर नाइट, टैमी ब्यूमोंट, वोल्वाड्ट और बेथ मूनी यह कारनामा कर चुकी हैं.
इस साल स्मृति ने उड़ाए 39 छक्के
साल 2025 में स्मृति मंधाना ने ODI में 36 छक्के लगाए. एक कैलेंडर वर्ष में इससे ज्यादा सिक्स किसी महिला खिलाड़ी ने नहीं जड़ा था. सभी प्रारूपों में, उन्होंने 39 छक्के लगाए, जो महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और रिकॉर्ड है और 2024 में चमारी अथापथ्थु के छक्कों की बराबरी की. इतना ही नहीं स्मृति मंधाना ने 2025 में वनडे और टी20 दोनों में भारत के लिए सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में हरमनप्रीत कौर को भी पीछे छोड़ दिया.
इंटरनेशनल क्रिकेट में 10000 रन का महारिकॉर्ड
साल 2025 के अंत में स्मृति मंधाना ने सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की. वो इंटनरनेशनल क्रिकेट में 10000 रन बनाने वाली दूसरी भारतीय और दुनिया की चौथी महिला खिलाड़ी बनी. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 281 पारियां ली, जो महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे कम है.
ये भी पढ़ें: 36 मैच, 12 शतक और 12 फिफ्टी… इस बल्लेबाज को कैसे नजरअंदाज करेंगे गंभीर-अगरकर? हर मुकाबले में मचा रहा गदर
