
Zohran Mamdani: जोहरान ममदानी के न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में कुरान पर हाथ रखकर शपथ लेने के बाद अमेरिकी राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. ममदानी के शपथ ग्रहण को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके समर्थकों की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है जिसे धार्मिक और वैचारिक असहमति से जोड़कर देखा जा रहा है. डेमोक्रेट नेता जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बने हैं. उन्होंने शपथ ग्रहण के दौरान कुरान पर हाथ रखा, जिसे उनके समर्थकों ने अमेरिका की धार्मिक स्वतंत्रता और विविधता का प्रतीक बताया. हालांकि, ट्रंप समर्थक खेमे ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए सवाल उठाए.
सूत्रों के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ममदानी की राजनीतिक विचारधारा और नीतियों से भी असहज हैं. ममदानी खुले तौर पर खुद को डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट बताते हैं और अमीरों पर ज्यादा टैक्स, मुफ्त चाइल्ड केयर, किराया नियंत्रण और प्रवासियों के अधिकारों की वकालत करते रहे हैं. ट्रंप इससे पहले भी चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी के जीतने पर न्यूयॉर्क की फंडिंग रोकने और संघीय हस्तक्षेप की चेतावनी दे चुके थे. हालांकि, चुनाव के बाद ट्रंप ने ममदानी को व्हाइट हाउस आमंत्रित कर एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात भी की थी, लेकिन शपथ ग्रहण और उसके बाद दिए गए बयानों से दोनों नेताओं के बीच वैचारिक टकराव एक बार फिर बढ़ गया है.
मैं डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में करूंगा शासन: ममदानी
बाद में, सिटी हॉल में आयोजित सार्वजनिक समारोह में अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने उन्हें औपचारिक रूप से शपथ दिलाई. अपने उद्घाटन भाषण में ममदानी ने कहा कि सिटी हॉल अब न्यूयॉर्कवासियों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए अपनी शक्ति का इस्तेमाल करने से नहीं हिचकेगा. उन्होंने चुनाव में किए गए वादों को दोहराते हुए कहा कि वे एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में शासन करेंगे और किफायती आवास, मुफ्त चाइल्ड केयर, मुफ्त बस सेवा और किराया नियंत्रण जैसे मुद्दों पर सरकारी शक्ति का इस्तेमाल करेंगे. सैंडर्स ने भी उनके एजेंडे का समर्थन करते हुए कहा कि अमीरों पर कर बढ़ाना और किफायती आवास सुनिश्चित करना कट्टरपंथी नहीं, बल्कि जरूरी है.
पद संभालते ही ममदानी ने पूर्व प्रशासन द्वारा 26 सितंबर, 2024 के बाद जारी कई कार्यकारी आदेश रद्द कर दिए और किरायेदारों की सुरक्षा के लिए एक सिटी ऑफिस को फिर से शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने आवास निर्माण पर केंद्रित दो टास्क फोर्स बनाने का भी ऐलान किया. उद्घाटन समारोह में भारी भीड़ उमड़ी, जहां कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया. कार्यक्रम में पूर्व मेयर एरिक एडम्स और बिल डी ब्लासियो, कांग्रेस सदस्य एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: ‘ये ठीक नहीं, मैं बहुत गुस्से में हूं…’ पुतिन के घर पर यूक्रेनी ड्रोन हमले के दावे पर ट्रंप ने जताई नाराजगी
बता दें, युगांडा के कंपाला में जन्मे ममदानी फिल्म निर्माता मीरा नायर और शिक्षाविद महमूद ममदानी के बेटे हैं. वे बचपन में न्यूयॉर्क आए और 2020 में क्वींस से स्टेट असेंबली के लिए चुने गए थे. अब उनके सामने शहर की रोजमर्रा की चुनौतियों जैसे कि आवास संकट, महंगाई, परिवहन और सार्वजनिक सेवाओं से निपटने की जिम्मेदारी होगी.
