Venezuela US Relation: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है, उनका देश अमेरिका के साथ ड्रग तस्करी रोकने को लेकर बातचीत के लिए तैयार है. उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर अमेरिका निवेश करना चाहता है तो वेनेजुएला का तेल सेक्टर खुला है. 

हालांकि हाल ही में वेनेजुएला के एक बंदरगाह इलाके में हुए CIA से जुड़े ड्रोन हमले पर उन्होंने अभी कोई सीधी टिप्पणी करने से इनकार किया है. यह बयान उन्होंने स्पेन के पत्रकार इग्नासियो रामोनेट को दिए एक इंटरव्यू में दिया है. इस इंटरव्यू को गुरुवार को वेनेजुएला के सरकारी टीवी चैनल पर दिखाया गया. यह इंटरव्यू नए साल की पूर्व संध्या पर रिकॉर्ड किया गया था.

मादुरो ने आरोप लगाया कि अमेरिका वेनेजुएला की सरकार को बदलना चाहता है. उसकी नजर देश के विशाल तेल भंडार पर है. उन्होंने कहा कि अगस्त से अमेरिका ने कैरेबियन सागर में बड़ी सैन्य तैनाती की है. इसके जरिए दबाव बनाया जा रहा है. मादुरो की माने तो अमेरिका धमकी, डर और ताकत के जरिए अपनी बात मनवाना चाहता है, लेकिन अब वक्त आ गया है कि दोनों देश गंभीरता से बातचीत करें और तथ्यों के साथ आगे बढ़ें.

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने कहा कि अमेरिका के कई अधिकारियों को पहले भी बताया जा चुका है कि अगर ड्रग तस्करी रोकने पर सही बातचीत के लिए वेनेजुएला तैयार है. मादुरो ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका तेल चाहता है तो वेनेजुएला अमेरिकी निवेश के लिए तैयार है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे शेवरॉन कंपनी के साथ काम हो रहा है, वैसे ही कहीं भी कभी भी और किसी भी तरह से निवेश किया जा सकता है.

बता दें कि शेवरॉन फिलहाल अकेली बड़ी अमेरिकी तेल कंपनी है जो वेनेजुएला का कच्चा तेल अमेरिका भेज रही है. वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है.

उसी दिन अमेरिका ने यह भी बताया कि उसकी सेना ने पांच कथित ड्रग तस्करी करने वाली नावों पर हमला किया है. अब तक ऐसे 35 नाव हमले हो चुके हैं जिनमें कम से कम 115 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में वेनेजुएला के लोग भी शामिल हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों को जरूरी बताया है और कहा है कि ड्रग्स की सप्लाई रोकने के लिए यह कदम उठाए गए हैं. 

इसी बीच पिछले हफ्ते वेनेजुएला की जमीन पर एक ड्रोन हमला भी हुआ था. इस हमले को CIA से जुड़ा बताया जा रहा है. यह हमला एक ऐसे डॉकिंग इलाके में किया गया जहां से ड्रग कार्टेल्स के काम करने का शक था. यह अब तक का पहला ऐसा मामला है जब सीधे वेनेजुएला की धरती पर कार्रवाई हुई है. इस पर सवाल पूछे जाने पर मादुरो ने कहा कि वह इस बारे में कुछ दिनों बाद बात करेंगे.

यह भी पढ़ें: ‘पुतिन के घर पर हमला’ कहीं रूस का फाल्स फ्लैग ऑपरेशन तो नहीं? CIA के खुलासे से हिला क्यों हिल गया पूरा नैरेटिव