US action against Venezuela: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई के बाद वहां की राजनीति और अंतरराष्ट्रीय माहौल में हलचल तेज हो गई है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर अब सफाई सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला को चलाने का काम करेगा. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बयान पर यू-टर्न लेते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने सभी ऑप्शन खुले रखे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका फिलहाल देश पर कब्जा कर रहा है.

वेनेजुएला में अमेरिकी कब्जा?
सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में रुबियो से पूछा गया कि क्या वेनेजुएला में इस समय अमेरिकी कब्जा है. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि राष्ट्रपति के पास हर स्थिति में ऑप्शन चुनने का अधिकार होता है. उन्होंने बताया कि अमेरिका का संविधान राष्ट्रपति को यह ताकत देता है कि वह देश के खिलाफ किसी भी तात्कालिक और गंभीर खतरे पर कार्रवाई कर सके. रुबियो के मुताबिक, मौजूदा कदम वेनेजुएला सरकार पर दबाव बनाने के लिए हैं, उस देश पर शासन करने के उनका कोई विचार नहीं है.

रुबियो ने कहा कि इस समय अमेरिका ने वेनेजुएला के तेल कारोबार पर सख्त रोक लगाने का काम किया है और समुद्र में भारी नेवी तैनाती की गई है. इसका मकसद वेनेजुएला सरकार की आमदनी के रास्तों को बंद करना है. उन्होंने दावा किया कि यह अमेरिका और उसके आसपास का पूरे क्षेत्र में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी नौसैनिक तैनातियों में से एक है. यह तैनाती न केवल ड्रग तस्करी रोकने में सक्षम है, बल्कि उन जहाजों को भी रोक सकती है, जो प्रतिबंधों के बावजूद तेल की का व्यपार करने का काम कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

वेनेजुएला को अमेरिका चलाएगा?
इससे एक दिन पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला को तब तक चलाएगा, जब तक वहां सुरक्षित और सही तरीके से सत्ता का बदलाव नहीं हो जाता. उन्होंने कहा था कि अमेरिका शांति, न्याय और आजादी चाहता है और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि देश की सत्ता किसी गलत हाथ में न जाए. ट्रंप ने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ी तो जमीन पर सेना उतारने से भी अमेरिका पीछे नहीं हटने वाला है.

अमेरिकी कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को कराकास से गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया. ट्रंप के अनुसार, दोनों पर अमेरिका में ड्रग तस्करी और आतंक से जुड़े मामलों में आरोप तय हैं और अब उनका मुकदमा चलेगा.

ये भी पढ़ें: इजरायल के फैसले से हिली दुनिया! क्या कबूल हो गई मुस्लिम देशों की दुआ? UN ने बुलाई हंगामी मीटिंग