
वेनेजुएला से जुड़े एक तेल टैंकर के अमेरिकी कोस्ट गार्ड को चकमा देकर फरार हो जाने के बाद अटलांटिक महासागर में पिछले दो हफ्तों से बड़ा सैन्य और सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था. इस ऑपरेशन के तहत अब अमेरिका को अहम सफलता मिली है. यूएस सेना ने दावा किया है कि उसने रूसी झंडे वाले एक तेल टैंकर को जब्त कर लिया है, जिसका नाम बेला-1 बताया गया है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह वही टैंकर है, जो वेनेजुएला से तेल की अवैध ढुलाई से जुड़ा हुआ था और अमेरिकी निगरानी से बचकर भागने में कामयाब हो गया था.
इस पूरे घटनाक्रम ने उस वक्त और गंभीर मोड़ ले लिया, जब खुफिया इनपुट्स में सामने आया कि इस टैंकर की सुरक्षा के लिए रूस ने अपनी एक पनडुब्बी को भी तैनात किया था. हालांकि, तमाम भू-राजनीतिक तनावों और समुद्री सुरक्षा जोखिमों के बावजूद अमेरिकी नौसेना ने टैंकर को घेरकर अपने नियंत्रण में ले लिया. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना अमेरिका और रूस के बीच समुद्री प्रभुत्व और प्रतिबंधों को लेकर चल रही खींचतान को और तेज कर सकती है। वहीं, वेनेजुएला से जुड़े तेल व्यापार पर भी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सवाल खड़े हो गए हैं.
