News in Brief

IPL 2026 सीजन शुरू होने से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए एक दिल तोड़ने वाली खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैचों के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना कम है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम IPL 2026 के अपने सभी घरेलू मैच बेंगलुरु की जगह रायपुर या इंदौर में खेल सकती है.

RCB फैंस के लिए बुरी खबर

इसकी वजह पिछले साल IPL चैंपियन बनने के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सेलिब्रेशन के दौरान हुई भगदड़ है. एक रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी के अगले सीजन के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जाने की संभावना कम है. RCB की टीम अपने घरेलू मैच बेंगलुरु में नहीं कराना चाहती. RCB ने अपने मैचों के आयोजन के लिए कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) से भी बातचीत नहीं की है.

Add Zee News as a Preferred Source

अब ये हो सकता है विराट की टीम का होम ग्राउंड

IPL 2026 में RCB के होम ग्राउंड के रूप में रायपुर और इंदौर के नाम पर विचार किया जा रहा है. रायपुर का नाम काफी आगे चल रहा है. आरसीबी IPL 2025 की चैंपियन है. टीम का यह पहला खिताब था. जीत के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न मनाया जा रहा था. टीम के खिलाड़ी और मैनेजमेंट के साथ लाखों की संख्या में फैंस स्टेडियम के अंदर और बाहर जमा थे. फैंस की संख्या उम्मीद से ज्यादा थी और इस वजह से भगदड़ मच गई. इस दौरान 11 लोगों की मौत हो गई थी.

भगदड़ के कारण लोगों की हुई थी मौत

आरसीबी की सोशल मीडिया टीम को ट्रॉफी सेलिब्रेशन के दौरान इंस्टाग्राम लाइव स्ट्रीम के कमेंट सेक्शन में भगदड़ की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया. अधिकारियों और खिलाड़ियों तक प्रशंसकों की मौत की खबर पहुंचने के बाद जश्न के कार्यक्रम को छोटा किया गया. कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी और कई बड़े अधिकारियों को निलंबित भी किया गया था.

चिन्नास्वामी स्टेडियम में विराट कोहली की लोकप्रियता

आरसीबी ने बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को आर्थिक सहायता की घोषणा की थी. हाल में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान दिल्ली और आंध्र प्रदेश का मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था. विराट कोहली दिल्ली टीम का हिस्सा थे. कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए स्थानीय प्रशंसकों के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना थी. इसलिए बेंगलुरु पुलिस ने इस मैच के आयोजन की अनुमति नहीं दी थी. मैच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में कराया गया था.