Which is World Slowest Speed Missile: आज दुनिया में बढ़ती असुरक्षा की भावना को देखते हुए हर देश एक से बढ़कर एक खतरनाक मिसाइलें विकसित करने में लगा है. जिन देशों के पास मिसाइलें हैं, वे इसकी स्पीड बढ़ाकर ज्यादा घातक बना रहे हैं. सब-सोनिक और सुपरसोनिक से आगे बढ़कर अब देश हाइपरसोनिक मिसाइलों की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिनकी स्पीड मैक 8-10 यानी आवाज से 10 गुणा ज्यादा होती है. ऐसे में अगर कोई आपको बताए कि इसी दुनिया में एक ऐसी भी मिसाइल है, जो सबसे धीमी गति से आसमान में उड़कर दुश्मन पर हमला करती है. यही नहीं, आसानी से पकड़ में आने के बावजूद आज भी दुनिया की कई सारी सेनाएं उसे यूज कर रही हैं.  यह जानकर आप यकीनन हैरान हो जाएंगे लेकिन यह पूरी तरह सच है. आइए जानते हैं कि वह मिसाइल कौन सी है और उसे कौन सा देश इस्तेमाल कर रहा है. 

सूटकेस में पैक होने वाली मिसाइल

दुनिया की सबसे धीमी इस मिसाइल का नाम 9M14 माल्यूत्का है. इसे ‘सू‍टकेस मिसाइल’ भी कहा जाता है. इस मिसाइल का आविष्कार 1960 के दशक में तत्कालीन सोवियत संघ ने किया था. यह मिसाइल इतनी छोटी है कि एक फाइबरग्लास के सूटकेस में भी आसानी से ले जाई जा सकती है. यही सूटकेस इसका लॉन्चर भी बन जाता है. इस मिसाइल की मदद से एक अकेला सैनिक भी भारी टैंक गिरा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

स्पीड इतनी कम कि माथा पीट लेंगे

सहयोगी वेबसाइट WION के मुताबिक, इस मिसाइल की स्पीड केवल 115 मीटर प्रति सेकंड है यानी एक घंटे में यह बस 250 मील तक ही पहुंच सकती है. उसकी यह स्पीड दूसरे विश्व युद्ध में इस्तेमाल हुए लड़ाकू विमानों से भी धीमी है. 

वीडियो गेम की तरह करते हैं कंट्रोल

यह कोई दागो और भूल जाओ मिसाइल नहीं है. इसके बजाय इसे चलाने वाला सैनिक एक छोटे जॉयस्टिक से इसे रास्ते भर खुद कंट्रोल करता है. उसे मिसाइल की जलती हुई रोशनी को देखते हुए उसे लक्ष्य तक ले जाना पड़ता है. ऐसे में अगर उसका निशाना चूक गया तो सब बेकार हो जाता है. 

3 किमी जाने में लेती है 26 सेकंड का समय 

इस मिसाइल की रेंज 3 किलोमीटर है. इस दूरी को पूरा करने में यह 26 सेकंड तक का वक्त ले ले लेती है. इस दौरान टैंक के चालक इसे आते देख सकते हैं. जिसके बाद वे धुआं देखकर बचने की कोशिश कर सकते हैं या फायर कर सकते हैं. यानी मिसाइल आने से पहले ही वे मुकाबला की तैयारी शुरू कर सकते हैं. 

इस युद्ध में किया था बड़ा धमाका

इस मिसाइल ने 1973 के योम किप्पुर युद्ध में दुनिया को चौंका दिया. उस दौरान साधारण पैदल सैनिकों ने इस मिसाइल का इस्तेमाल करके भारी-भरकम टैंकों को तबाह कर दिया था. तब पहली बार साबित हुआ कि सस्ते और छोटे हथियार भी बड़े टैंकों को गिरा सकते हैं.

क्या आज भी इस्तेमाल हो रही मिसाइल?

इस सवाल का जवाब हां है. 60 साल पुरानी मिसाइल आज भी मिडिल ईस्ट और पूर्वी यूरोप के युद्धों में इस्तेमाल हो रही है. आजकल इसे ज़्यादातर बंकरों और स्थिर ठिकानों पर दागा जाता है. चूंकि ये ठिकाने मूव नहीं हो सकते, इसलिए मिसाइल दिखने के बावजूद वे बचने के लिए कुछ नहीं कर सकते. 

मिसाइल के अब भी यूज होने की वजहें 

9M14 माल्यूत्का मिसाइल के अब भी यूज होने की कई वजहें हैं. पहली बात तो ये है कि यह मिसाइल जैवलिन जैसी आधुनिक मिसाइलों से बहुत सस्ती है. इस मिसाइल की मरम्मत बहुत आसान है. पुराने वाहनों के लिए यह आज भी खतरनाक मौत है. हालांकि आधुनिक टैंकों की सुरक्षा प्रणाली इसे रोक सकती है.