Trump and the Nobel Prize: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोकने में जरूरी भूमिका निभाई थी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने अमेरिका आने के दौरान सार्वजनिक रूप से उनका धन्यवाद किया और कहा कि ट्रंप ने कम से कम दस लाख लोगों की जान बचाई है. ट्रंप ने यह बयान व्हाइट हाउस में तेल और गैस कंपनियों के ऊचें अधिकारियों से मुलाकात के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए दिया था.
नोबेल शांति पुरस्कार हकदार हैं ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए क्योंकि उन्होंने कई बड़े युद्धों को रोका है. उन्होंने बताया कि उन्होंने आठ ऐसे युद्धों को समाप्त किया, जिनमें से कुछ 36 साल से चल रहे थे. भारत और पाकिस्तान के बीच उस समय माहौल काफी गरम था, जिसे ट्रंप के दबाव के चलते बिना किसी परमाणु हथियार के रोका गया. ट्रंप ने कहा कि उनका मकसद शांति स्थापित करना और लोगों की जान बचाना था, न कि सिर्फ दिखावा करना.
हालांकि भारत ने हमेशा यह साफ किया है कि किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की जरूरत नहीं थी. भारत का कहना है कि युद्धविराम दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत के जरिए हुआ था. यह युद्धविराम ऑपरेशन सिंदूर के बाद तय हुआ, जो भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई के लिए लॉन्च किया था. ऑपरेशन सिंदूर को अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे.
तीसरी पार्टी नहीं थी शामिल
भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान के मिलिट्री ऑपरेशन्स के डायरेक्टर जनरल ने 10 मई को अपने भारतीय अधिकारी से संपर्क किया और लड़ाई को रोकने का अनुरोध किया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी. भारत ने बार-बार यह दोहराया कि कोई तीसरी पार्टी इसमें शामिल नहीं थी.
ट्रंप ने अपनी उपलब्धियों पर जोर देते हुए कहा कि उनका प्रयास केवल युद्ध रोकने तक सीमित नहीं था, बल्कि यह लोगों की जान बचाने और बड़े संघर्षों को समाप्त करने का एक प्रयास था. उन्होंने कहा कि इतिहास में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसने इतने बड़े युद्धों को रोका हो. भारत और पाकिस्तान के बीच इस शांति प्रक्रिया में उनके दबाव को लेकर दुनिया भर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई हैं, लेकिन भारत का रुख साफ है कि यह पूरी तरह द्विपक्षीय समझौते के तहत हुआ था.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
