News in Brief

Harmanpreet Kaur: 9 जनवरी 2026 से महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का आगाज हो चुका है. पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच हुआ, जिसमें मुंबई की टीम को हार मिली. भले ही एमआई ओपनिंग मुकाबला हार गई हो, लेकिन टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है. उन्होंने इस मैच में 17 गेंदों में 20 रन की पारी खेली. यह पारी छोटी थी, लेकिन इसके दम पर उन्होंने इतिहास रच दिया है. वो इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय क्रिकेटर बन गई हैं. इस मामले में उन्होंने तूफानी ओपनर शेफाली वर्मा को पछाड़ा है.

WPL 2026 के पहले ही मुकाबले में 20 रन बनाकर हरमनप्रीत कौर इस लीग में सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं. अब उनके नाम 871 रन हो गए हैं. शेफाली के नाम 865 रन दर्ज थे. सिर्फ इतना नहीं, हरमनप्रीत कौर अब इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली चौथी खिलाड़ी भी हैं. इस रिकॉर्ड के दम पर कौर ने एक बार फिर साबित कर दिखाया कि वो ना सिर्फ बढ़िया कप्तान हैं बल्कि रन बनाने के मामले में भी अव्वल हैं.

28 मैचों में 871 रन बना चुकी हैं कौर

हरमनप्रीत पहले सीजन से इस लीग का हिस्सा हैं. मुंबई इंडियंस की कप्तान रही हैं. इस बार भी टीम को वही लीड कर रही हैं. उन्होंने अब तक 28 मैचों में 39.59 की शानदार औसत से 871 रन किए हैं. वो मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करती हैं और मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी उन्हीं पर होती है.

Add Zee News as a Preferred Source

मैच का लेखा-जोखा

अगर मैच की बात करें तो 2026 सीजन के पहले ही मुकाबले में मुंबई की टीम को आरसीबी ने 3 विकेट से रोमांचक शिकस्त दी. मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन किए थे, जिसके जवाब में आरसीबी एक वक्त 65 रनों पर 4 विकेट खो चुकी थी. लेकिन इसके बाद नादिन डी क्लर्क ने 44 बॉल पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रनों की उम्दा पारी खेली और आरसीबी को रोमांचक जीत दिलाई. आखिरी ओवर की आखिरी 4 बॉल पर 18 रन चाहिए थे. ऐसे में क्लर्क ने 2 चौके और 2 छक्के लगाकर मैच फिनिश कर दिया.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: नया साल…नया स्टेडियम…इस मैदान पर पहली बार खेलेगी टीम इंडिया, 200 प्लस करोड़ में बनकर हुआ तैयार, जानिए खासियत