Shubman Gill: 11 जनवरी से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है. इस सीरीज के लिए शुभमन गिल पूरी तरह तैयार हैं. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया पहला मुकाबला वडोदरा में खेलने जा रही है. इस मैच से पहले शुभमन गिल अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं. गिल ने पहली बार T20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम से बाहर किए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उनकी जगह स्क्वाड में रिंकू सिंह को जगह दी गई है, जबकि विकेटकीपर ईशान किशन की वापसी हुई है.
पिछले दिनों जब BCCI की चयन समिति ने दाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को T20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में जगह नहीं दी थी, तो सभी हैरान थे. इसे लेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के आगाज से पहले वडोदरा में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल से सवाल किया गया, तो उन्होंने अपने दिल की बात कह दी. गिल ने साफ शब्दों में कहा कि वह चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हैं और टीम इंडिया को वर्ल्ड कप के लिए शुभकामनाएं देते हैं.
आखिर क्या बोले शुभमन गिल?
शुभमन गिल ने कहा ‘मैं सेलेक्टर्स के फैसले का सम्मान करता हूं. T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम को शुभकामनाएं. मैं वहीं हूं, जहां मुझे होना चाहिए और जो मेरी किस्मत में लिखा है, उसे कोई मुझसे छीन नहीं सकता. एक खिलाड़ी के तौर पर मैं हमेशा देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं, लेकिन चयनकर्ताओं ने अपना फैसला ले लिया है.’
इसलिए टीम से बाहर किए गए थे शुभमन गिल
अब सवाल ये है कि आखिर शुभमन गिल को क्यों बाहर किया गया था? तो जान लीजिए कि इसके पीछे उनका खराब फॉर्म था. 2025 में वो टी20 में रनों के लिए तरस गए थे. उकप्तान के तौर पर वो लगातार खेले थे, लेकिन बार-बार फ्लॉप हो रहे थे. गिल ने 2025 में कुल 15 टी20 मैचों में 291 रन बनाए थे. उनका औसत 24.25 जबकि स्ट्राइक रेट 137.26 का रहा था. उनके बल्ले से एक भी फिफ्टी नहीं आई थी.
संजू ने जीता था सेलेक्टर्स का दिल
एक तरफ जहां गिल बार-बार फ्लॉप हो रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ तूफानी बैटर संजू सैमसन बेंच पर थे. जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से गिल गर्दन की चोट से बाहर हुए तो तो आखिरी टी20 मैच भी नहीं खेल पाए, ऐसे में उनकी जगह संजू को मौका मिला, जिसमें उन्होंने बढ़िया बैटिंग करके सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. यहीं से चयन की तस्वीर बदल गई थी. साल 2024 में सैमसन ने टी20 में 180 के ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन कूटे थे, जबकि 2025 में वो मिडिल ऑर्डर में भी खेले और खुद को प्रूफ किया. इसलिए जब विश्व कप के लिए टीम का ऐलान हुआ तो बतौर ओपनर संजू सैमसन को तरहीज मिली और गिल को बाहर किया गया.
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
ये भी पढ़ें: 10 मैचों में 611 रन… NZ की धज्जियां उड़ाएगा Team India का ये खूंखार बल्लेबाज? कीवियों के खिलाफ हमेशा गरजता है इसका बल्ला
