Virat Kohli 28000 International Runs: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. वो इंटरनेशनल क्रिकेट में 28000 रनों का पहाड़ पार करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. विराट से पहले पूर्व भारतीय महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और श्रीलंका के कुमार संगाकारा ने ये अद्भुत कारनामा किया था. न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में कोहली ने 25 रन बनाते ही क्रिकेट के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना दर्ज करा लिया.
सबसे तेज 28000 रन बनाने वाले बने विराट कोहली
इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली से पहले सचिन तेंदुलकर और कुमार संगाकारा ने 28000 रनों का पहाड़ पार किया था, लेकिन इन दोनों के मुकाबले कोहली ने बहुत कम पारियों में ये ऐतिहासिक कारनामा किया है. उन्होंने इस मामले में अपने गुरु सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके अलावा विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुमार संगाकारा के ओवरऑल रन से भी आगे निकल चुके हैं. श्रीलंका के महान बल्लेबाज के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 28016 रन है.
भारत के सामने 301 रनों का लक्ष्य
वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले जा रहे मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड 300 रन खड़ा किया है. शुरुआत में डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स के बीच 117 रनों की पार्टनरशिप हुई, लेकिन दोनों के आउट होते ही ब्लैक कैप्स की पारी बिखर गई. हालांकि, स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल ने अनुभव दिखाते हुए 84 रनों की शानदार पारी खेली और न्यूजीलैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट चटकाए. कुलदीप यादव को एक सफलता मिली, जबकि लंबे समय बाद ODI में वापसी कर रहे रवींद्र जडेजा एक भी विकेट नहीं चटका सके.
