Sports Top 5 News Story: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज का आगाज भारत ने जीत के साथ किया है. भारत ने रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. टीम इंडिया के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर हो गए हैं. वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में आज पहला और दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा. पढ़िए आज की क्रिकेट जगत की ये 5 बड़ी खबरें.
1. वॉशिंगटन सुंदर वनडे सीरीज से बाहर
भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है. रविवार को बड़ौदा में खेले गए पहले ODI मैच के दौरान हुए साइड स्ट्रेन के कारण वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. वॉशिंगटन सुंदर ने पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी में 5 ओवर फेंके थे और बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने नाबाद 7 रन बनाए थे.
2. विजय हजारे ट्रॉफी में आज दो क्वार्टर फाइनल मैच
विजय हजारे ट्रॉफी में आज पहला और दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा. विजय हजारे ट्रॉफी में आज सुबह 9 बजे से कर्नाटक और मुंबई के बीच पहला क्वार्टर फाइनल मैच होगा. जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच भिड़ंत होगी.
3. भारत और बांग्लादेश विवाद में कूदा पाकिस्तान
मोहसिन नकवी की अगुवाई वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2026 T20 वर्ल्ड कप के वेन्यू को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे विवाद के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से संपर्क किया है. जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, PCB ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी करने में दिलचस्पी दिखाई है, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस इवेंट के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया है.
4. WPL 2026 में होगी RCB और UP की भिड़ंत
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में आज शाम 7:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और यूपी वॉरियर्स (UP Warriorz) के बीच मुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम एक मैच में जीत के साथ फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है. वहीं, यूपी वॉरियर्स (UP Warriorz) की टीम एक हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है.
5. जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के सवाल पर भड़के हर्षित राणा
हर्षित राणा ने जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में नई गेंद से विकेट लेने में टीम की नाकामी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने और मोहम्मद सिराज ने पहले कुछ ओवरों में काफी अच्छी बॉलिंग की और ज्यादा रन भी नहीं दिए.
