चीन एक ओर दुनिया को दिखाने के लिए भारत के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण एशिया में भारत की रणनीतिक घेरेबंदी की अपनी कोशिशें भी लगातार तेज कर रहा है. इसी कड़ी में बांग्लादेश में चीनी राजदूत याओ वेन की जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफिकुर रहमान से हुई मुलाकात को सामान्य कूटनीतिक शिष्टाचार के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. इस मुलाकात ने दक्षिण एशिया के रणनीतिक और सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. शीर्ष सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह संपर्क केवल किसी विचारधारा के प्रति समर्थन तक सीमित नहीं है बल्कि बांग्लादेश में होने वाले आगामी चुनावों से पहले चीन की एक सोची-समझी और बहुस्तरीय कूटनीतिक रणनीति का हिस्सा है.
सूत्रों का मानना है कि चीन बांग्लादेश की आंतरिक राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय संतुलन को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रहा है. जमात-ए-इस्लामी जैसी प्रभावशाली राजनीतिक ताकत से संवाद इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है. यह घटनाक्रम भारत के लिए भी विशेष महत्व रखता है. बांग्लादेश भारत का करीबी पड़ोसी और रणनीतिक साझेदार है, ऐसे में वहां चीन की बढ़ती राजनीतिक और कूटनीतिक सक्रियता नई चुनौतियां खड़ी कर सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में बांग्लादेश के चुनाव और उससे जुड़े राजनीतिक समीकरण न केवल ढाका, बल्कि नई दिल्ली और बीजिंग के रिश्तों को भी प्रभावित कर सकते हैं.
शेख हसीना के शासन में चीन-बांग्लादेश के संबंध उतने मजबूत नहीं थे जितने होने चाहिए थे
जमात-ए-इस्लामी संगठन का मानना है कि यह संबंध क्षेत्रीय स्थिरता और आपसी प्रगति के लिए भी अहम है. इससे पहले, बांग्लादेश में तैनात चीनी राजदूत याओ वेन ने स्वीकार किया था कि शेख हसीना के शासन के पिछले दशक में चीन और बांग्लादेश के बीच संपर्क उतना मजबूत नहीं रह पाया, जितना होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि दोनों देशों के बीच संवाद और सहयोग को फिर से मजबूत किया जाए. इसी संदर्भ में, आम चुनावों से कुछ ही सप्ताह पहले चीनी राजदूत याओ वेन सोमवार को ढाका में जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान से मुलाकात के लिए उनके कार्यालय पहुंचे. इस मुलाकात में राजदूत के साथ डिप्टी चीफ ऑफ मिशन लियू युयिन, पॉलिटिकल डायरेक्टर झांगजिंग और अन्य चीनी अधिकारी भी शामिल थे.
यह भी पढ़ेंः‘भारत वही करेगा जो उसने पाक… बांग्लादेश पर पाकिस्तान को सता रहा इस बात का डर
