World Longest Bridge: दुनिया का सबसे लंबा पुल चीन में बना है. इसकी लंबाई इतनी ज्यादा है कि इसे पार करने में तेज रफ्तार के बावजूद करीब 2 घंटे लग जाते हैं. यह पुल नदियों, झीलों, समुद्र जैसे हिस्सों और पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरता है. यह चीन की इंजीनियरिंग का बड़ा उदाहरण माना जाता है. इससे सफर का समय वहां पर काफी कम हुआ है. इसका नाम दानयांग कुनशान ग्रांड ब्रिज है. यह पुल चीन के दो बड़े शहरों शंघाई और नानजिंग को जोड़ता है. यह पुल बीजिंग-शंघाई हाई स्पीड रेलवे लाइन का हिस्सा है.

कितना लंबा है पुल
इस पुल की कुल लंबाई लगभग 164 किलोमीटर है. इसकी लंबाई इतनी ज्यादा है कि तेज रफ्तार ट्रेन से भी इसे पार करने में करीब 2 घंटे का समय लगता है. यही वजह है कि इसे दुनिया का सबसे लंबा पुल  कहा जाता है.

कब और कितने समय में बना
दानयांग कुनशान ग्रांड ब्रिज को साल 2006 में बनाना शुरू किया गया था. हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा पुल सिर्फ 5 साल में बनकर तैयार हो गया. साल 2011 में इसे पूरी तरह शुरू कर दिया गया था.

Add Zee News as a Preferred Source

कितना खर्च आया
बता दें कि इस पुल को बनाने में करीब 8.5 अरब डॉलर का खर्च आया जो भारतीय रुपये में लगभग 76 हजार करोड़ रुपये के आसपास बैठता है. वहीं अगर आपको एक मील पुल की लागत बताएं तो करीब 5.1 करोड़ डॉलर, भारतीय रुपयों में लगभग 450 करोड़ रुपये प्रति मील खर्च हुए है.

नदी, झील और समंदर जैसा रास्ता सब
यह पुल ज्यादातर चीन की यांग्जी नदी के साथ-साथ बना है. इसका सबसे खास हिस्सा यांगचेंग झील के ऊपर बना करीब 5 मील का लंबा सेक्शन है. इस वजह से यह पुल नदी, झील और खुले पानी के ऊपर से गुजरता हुआ नजर आता है.

बता दें कि इस पुल के बनने से पहले निंगबो और झिजियांग जैसे शहरों के बीच ट्रेन से सफर करने में करीब 5 घंटे लगते थे. अब यही दूरी सिर्फ 2 घंटे में पूरी हो जाती है. सफर कम समय का होने के साथ-साथ यात्रियों को रास्ते में खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलते हैं. 

हैरानी की बात ये है कि इस पुल के जरिए अब बीजिंग से शंघाई के बीच करीब 1000 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 4 घंटे 48 मिनट में पूरी की जा सकती है. यह पुल हर मौसम में दोनों बड़े शहरों को जोड़े रखता है.

भूकंप और तूफान भी नहीं बिगाड़ सकते
यह पुल भूकंप के खतरनाक इलाके में बनाया गया है. विशेषज्ञों बताते हैं कि यह पुल 8 मैग्नीट्यूड तक के भूकंप को सहने में सक्षम है. इसके अलावा इसे तूफान, चक्रवात और करीब 3 लाख टन तक का वजन झेलने लायक बनाया गया है. 

वहीं आपको बता दें कि इस पुल के निर्माण में करीब 10 हजार मजदूरों ने काम किया था. इसकी डिजाइन से लेकर निर्माण तक का पूरा काम चीन की रोड एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी ने संभाला. शुरुआत में इस पुल को सिर्फ 9 किलोमीटर लंबा बनाने की योजना थी. बाद में कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए इसकी लंबाई बढ़ाकर 160 किलोमीटर से भी ज्यादा कर दी गई.

चीन की इंजीनियरिंग 
चीन की स्थानीय मीडिया के अनुसार इस पुल से कारोबार और कामकाज में तेजी आई है. यह पुल चीन की इंजीनियरिंग और तकनीक की ताकत दिखाता है. आज इसे दुनिया के सबसे बड़े इंजीनियरिंग चमत्कारों में गिना जाता है.

यह भी पढ़ें: भारत की आपत्तियों के बाद चीन ने शाक्सगाम घाटी पर अपने क्षेत्रीय दावों को फिर से दोहराया