News in Brief

ICC ODI Rankings: धमाकेदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने एक बार फिर वनडे में बादशाहत हासिल कर ली है. आईसीसी ने बुधवार, 14 जनवरी को ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें बड़ा बदलाव हुआ है. पिछले साल का सफर नंबर-1 पर खत्म करने वाले रोहित शर्मा अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद विराट कोहली को जबरदस्त फायदा हुआ है. वो डेरेल मिचेल से एक अंक आगे हैं.

आईसीसी ने जो ODI रैंकिंग जारी की है उसके अनुसार, विराट कोहली 785 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर पहुंच गए हैं. वहीं, रोहित शर्मा 775 रेटिंग के साथ तीसरे पायदान पर हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI में कोहली ने 93 रन बनाए थे, वहीं हिटमैन 26 रन बनाकर आउट हो गए थे.

विराट कोहली फिर बने ODI के बादशाह

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सिर्फ एकदिवसीय क्रिकेट में एक्टिव हैं और इस फॉर्मेट में अभी  भी दोनों का कोई मुकाबला नहीं है. उम्र के इस पड़ाव पर भी RO-KO की जोड़ी युवाओं से आगे है. विराट कोहली जुलाई 2021 के बाद पहली बार आईसीसी पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं. एक समय पर उन्हें इस स्थान से हटाना नामुमकिन हुआ करता था. अब 5 साल बाद कोहली ने बादशाहत हासिल की है, लेकिन इस रेस में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं.

टॉप-10 में 4 भारतीय बल्लेबाज

ICC ODI रैंकिंग में विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा दो और भारतीय बल्लेबाजों का नाम टॉप-10 में शामिल है. कप्तान शुभमन गिल 725 रेटिंग के साथ 5वें स्थान पर हैं. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI में 49 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर 10वें पायदान पर हैं. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल टॉप-10 से तो बाहर हैं, लेकिन वो 11वें नंबर पर हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम छठे स्थान पर हैं. भारत के खिलाफ वडोदरा में हुए एकदिवसीय मैच में 84 रन बनाने वाले स्टार कीवी बल्लेबाज डेरेल मिचेल 784 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं. 

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: दूसरे वनडे में प्लेइंग XI में 2 बड़े बदलाव, अचानक 31 साल के खिलाड़ी को डेब्यू का मौका