
MI-W vs UPW-W: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) में यूपी वॉरियर्ज ने जीत का खाता खोल दिया है. जीत की नायक वो खिलाड़ी रही जिसपर कोच अभिषेक नायर को भरोसा ही नहीं था. ये कोई और नहीं बल्कि हरलीन देओल थीं जिन्हें पिछले मैच में धीमे स्ट्राइक रेट से बैटिंग करने की वजह से कोच अभिषेक नायर ने रिटायर हर्ट कर पैर पर कुल्हाड़ी मार ली थी और टीम को हार का सामना करना पड़ा. अब हरलीन ने अपनी ताबड़तोड़ पारी से कोच को उनके फैसले पर गलत ठहरा दिया है. यूपी की टीम ने मुंबई को 7 विकेट से करारी हार दी.
यूपी ने जीता था टॉस
यूपी की टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. गेंदबाजों ने शुरू में ही मुंबई पर शिकंजा कस लिया था. 43 रन के स्कोर पर मुंबई का पहला विकेट गिरा और रन रेट भी बेहद कम नजर आया. कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठीं, फिर नेट सीवर ब्रंट ने 43 गेंद में 65 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 161 तक पहुंचा दिया. निकोला कैरी ने भी 32 रन जबकि अमनजोत कौर ने 38 रन की पारी खेली.
हरलीन का ‘वन मैन शो’
161 रन के जवाब में यूपी की शुरुआत शानदार थी, लेकिन अचानक एक ओवर में मैच पलट गया. कप्तान मैग लैनिंग के साथ किरन नवगिरे भी अपना विकेट गंवा बैठीं. 25 रन बनाकर फोबे लिचफील्ड ने भी टीम का साथ छोड़ दिया. मुंबई की टीम के सामने कोई रोड़ा बना तो वो थीं हरलीन देओल. उन्होंने मैच के आखिर तक खूंटा गाड़कर रखा और 39 गेंद में 12 चौकों की मदद से 64 रन की आतिशी पारी खेली.
ये भी पढे़ं.. बांग्लादेश क्रिकेट में पड़ी फूट.. टीम के ऑलराउंडर ने उगला जहर, कहा- प्लेयर्स का हक..
यूपी की पहली जीत
यूपी की टीम ने ये पहली जीत दर्ज की है. हरलीन पिछले मैच के बाद चर्चा में थीं क्योंकि कोच अभिषेक नायर ने उन्हें अचानक बीच मैच में रिटायर आउट कर दिया था, जब वह 36 गेंद में 47 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रही थीं. इस मैच में हरलीन ने अकेले दम पर यूपी को जीत दिलाई और कोच को अपना दम दिखा दिया है. यूपी को लगातार तीन हार के बाद जीत नसीब हुई है. पिछले मैच में दिल्ली के हाथों यूपी को शिकस्त मिली थी.
