US Sanctions Iran: ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों और बढ़ती अशांति के बीच ट्रंप ने ईरानी शासन के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की है. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च परिषद (SCNS) के सचिव अली लारीजानी समेत कई ईरानी सुरक्षा अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. अमेरिकी विदेश विभाग के बयान में कहा गया कि ईरान की जनता अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि ईरानी शासन अपने ही नागरिकों के खिलाफ हिंसा और क्रूर दमन का सहारा ले रहा है. बयान के अनुसार, अमेरिका ने कुख्यात फरदिस जेल को भी प्रतिबंधित संस्थाओं की सूची में शामिल किया है, जहां महिलाओं के साथ अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार किए जाने के आरोप हैं.
ईरान के शैडो बैंकिंग नेटवर्क पर US ने लगाया प्रतिबंध
इसके अलावा, अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरान के तथाकथित शैडो बैंकिंग नेटवर्क से जुड़े 18 व्यक्तियों और संस्थाओं पर भी प्रतिबंध लगाए हैं. इन पर ईरानी पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल बिक्री से प्राप्त आय को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए वैध धन में बदलने का आरोप है. अमेरिका ने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा राष्ट्रपति ज्ञापन-2, 2025 के तहत उठाया गया है. बयान में कहा गया है कि अमेरिका ईरान की जनता के साथ खड़ा है जो अपने अधिकारों के लिए विरोध कर रही है. जब तक ईरानी सरकार अपने लोगों पर अत्याचार करती रहेगी उसे वैश्विक वित्तीय और बैंकिंग प्रणाली तक पहुंच से वंचित किया जाता रहेगा.
ये भी पढ़ें: कौन हैं महमूद खलील जिनकी रिहाई को अमेरिकी अदालत ने किया रद्द? हमास के लिए ट्रंप से ले चुके हैं पंगा
इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी टीम ईरान की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पास सभी विकल्प खुले हैं और ईरानी शासन को यह स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि अगर हत्याएं जारी रहीं तो गंभीर परिणाम होंगे.
ये भी पढ़ें: ‘रक्षा खरीद राष्ट्रीय हित पर आधारित, वैचारिक नहीं…’ जर्मन चांसलर के बयान पर विदेश सचिव ने साफ किया भारत का रुख
लीविट ने यह भी दावा किया कि राष्ट्रपति को जानकारी दी गई है कि 800 प्रस्तावित फांसी की सजाएं फिलहाल रोक दी गई हैं. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान में बढ़ती महंगाई को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन जारी हैं और अधिकारियों ने इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिए हैं. इस बीच, टाइम्स ऑफ इजराइल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों में मरने वालों की संख्या 3000 से लेकर 12000 के बीच है.
