भारत का एक महान क्रिकेटर ऐसा है, जिसे डेब्यू करने से लेकर रिटायर होने तक कभी भी फॉर्म के कारण टीम इंडिया से ड्रॉप नहीं किया गया. भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के हर क्रिकेट फैन के दिलों में ये क्रिकेटर राज करता है. जब ये क्रिकेटर मैदान पर उतरता था तो फैंस की भीड़ उसका प्रदर्शन देखने के लिए स्टेडियम में उमड़ पड़ती थी. आइए एक नजर डालते हैं उस क्रिकेटर पर.
कौन है ये क्रिकेटर?
भारत के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कभी भी फॉर्म के कारण टीम इंडिया से ड्रॉप नहीं किया गया है. हालांकि महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर के कुछ मैच चोट के कारण नहीं खेले. महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में आईसीसी की तीन बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है.
साल 2004 में किया इंटरनेशनल क्रिकेट का आगाज
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ICC टी20 वर्ल्ड कप 2007, वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 और ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2013 की ट्रॉफी जीत चुकी है. धोनी की कप्तानी में इसके अलावा टीम इंडिया साल 2009 में पहली बार टेस्ट में नंबर-1 बनी थी. महेंद्र सिंह धोनी ने 23 दिसंबर 2004 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था.
2020 में संन्यास का ऐलान कर दिया
अगस्त 2020 में महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया. इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी आखिरी बार वर्ल्ड कप 2019 के दौरान खेलते नजर आए थे. धोनी ने भारत के लिए 350 वनडे मैचों में 50.57 की औसत से 10773 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं. धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा धोनी ने 98 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1617 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं.
