
18 जनवरी को फैंस भारत और न्यूजीलैंड के बीच करो या मरो की जंग के लिए समय निकालकर बैठे होंगे. लेकिन इस दिन रोमांच का डबल डोज देखने को मिल सकता है. एक तरफ ये निर्णायक मुकाबला होगा तो दूसरी तरफ विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला जो सौराष्ट्र और विदर्भ के बीच खेला जाएगा. विश्वराज जडेजा की नाबाद शतकीय पारी के दम पर विजय हजारे ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. इस टीम ने शुक्रवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए सेमीफाइनल-2 में पंजाब को 9 विकेट से रौंदा.
291 पर सिमटी पंजाब की टीम
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब की टीम 291 रन पर सिमट गई. हरनूर सिंह ने कप्तान प्रभसिमरन सिंह के साथ 12.1 ओवरों में 60 रन की साझेदारी की. हरनूर 43 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए. यहां से प्रभसिमरन सिंह ने अनमोलप्रीत सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 109 रन जुटाए। अनमोलप्रीत ने 105 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 100 रन बनाए. अनमोलप्रीत ने रमनदीप सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.
प्रभसिमरन सिंह भी चमके
प्रभसिमरन सिंह भी चमके उन्होंने 89 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रमनदीप 42 के स्कोर पर रन आउट हुए. विपक्षी खेमे से चेतन सकारिया ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि अंकुर पंवार और चिराग जानी ने 2-2 विकेट निकाले. इसके जवाब में सौराष्ट्र ने 39.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। कप्तान हार्विक देसाईं ने विश्वराज जडेजा के साथ 22.6 ओवरों में 172 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.
ये भी पढे़ं.. IND vs NZ मैच से पहले BCCI का बड़ा ऐलान, स्टार प्लेयर बाहर, दो नए प्लेयर्स की एंट्री
हार्विक और विश्वराज का जलवा
हार्विक 63 गेंदों में 9 चौकों के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से विश्वराज ने प्रेरक मांकड़ के साथ 99 गेंदों में 121 रन की अटूट साझेदारी करते हुए सौराष्ट्र को विशाल टारगेट का पीछा करते हुए आसान जीत दिलाई. विश्वराज 127 गेंदों में 3 छक्कों और 18 चौकों के साथ 165 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रेरक ने 49 गेंदों में 7 चौकों के साथ 52 रन बनाए. विपक्षी खेमे से एकमात्र सफलता गुरनूर बरार के हाथ लगी.
