Shubman Gill ODI Captaincy Record: बतौर कप्तान शुभमन गिल का टेस्ट सफर तो अभी तक अच्छा रहा है, लेकिन एकदिवसीय क्रिकेट में राहें आसान नहीं है. पिछले साल अक्टूबर में रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर शुभमन को ये बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर इस इस फैसले पर सवाल तब भी उठाए गए थे. इसके पीछे की बड़ी वजह है रोहित शर्मा और उनका कप्तानी रिकॉर्ड. हिटमैन किस स्तर के कप्तान थे, उसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उनके नेतृत्व में भारत कभी भी 250 से ज्यादा रन बनाकर नहीं हारा था. वहीं, दूसरी तरफ, शुभमन गिल की कप्तानी में अभी तक दो बार हो चुका है, जब टीम इंडिया 250+ स्कोर का बचाव नहीं कर सकी है.
हिंदी में एक बहुत पुरानी कहावत है, ”जब कोई चीज टूटी ही नहीं है तो उसे जोड़ने की क्या जरूरत है’? ये कहावत टीम इंडिया के लिए भी लागू होता है. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2023 में वर्ल्ड कप फाइनल तक का सफर तय किया था. लगातार 10 मैच जीतकर वो फाइनल में पहुंचे थे. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने रोहित के साथ करोड़ों भारतीय फैंस का सपना तोड़ दिया था. इसके बाद रोहित की कप्तानी में भारत ने लगातार दो आईसीसी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा. पहले टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा किया और फिर चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया.
रोहित को हटाकर अगरकर-गंभीर ने की बड़ी गलती?
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और गौतम गंभीर से लगातार ये सवाल इसलिए पूछे जा रहे हैं क्योंकि फैंस ये मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि रोहित शर्मा लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में टीम में शामिल हों, लेकिन कप्तानी ना करें. उन्होंने ये इज्जत खुद कमाई है. वनडे इंटरनेशनल में रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड उच्च स्तरीय का है. उन्होंने 56 मैचों में टीम का नेतृत्व किया है, जिसमें से 42 मुकाबलों में भारत को जीत मिली है. इसमें एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है.
ICC टूर्नामेंट में 24 मैचों में 23 जीत
रोहित शर्मा के नाम आईसीसी टूर्नामेंट में आसाधरण रिकॉर्ड है. उनकी कप्तानी में भारत ने पिछले 3 ICC टूर्नामेंट में खेले गए 24 मैचों में से 23 में जीत हासिल की है. इकलौती हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली थी. ये रिकॉर्ड इस बात को दर्शाते हैं कि अगर हिटमैन ODI में टीम का हिस्सा हैं तो कप्तानी उन्हीं को सोभा देती है. उन्होंने साफ कर दिया था कि वो 2027 वर्ल्ड कप तक खेलना चाहते हैं. इसके बावजूद अगरकर-गंभीर ने उन्हें कप्तानी से हटाने का बड़ा फैसला किया.
शुभमन गिल को जल्दी मिल गई कप्तानी?
इसमें कहीं से दो राय नहीं है कि शुभमन गिल उच्च कोटी के बल्लेबाज हैं और आने वाले कई सालों तक दुनियाभर में राज करेंगे. उन्होंने ये इज्जत शानदार बैटिंग से कमाई है. ODI में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. लेकिन, ये बात भी सही है कि वनडे में उन्हें कप्तानी तोहफे के रूप में मिली है. गंभीर और अगरकर ने सीधा फ्यूचर को ध्यान में रखकर शुभमन को ये जिम्मेदारी दे दी, लेकिन उनका ये फैसला टीम इंडिया को महंगा पड़ सकता है.
अब तक कैसा है शुभमन का कप्तानी रिकॉर्ड?
शुभमन गिल अभी भी बतौर कप्तान ODI में पहली सीरीज जीत के लिए तरस रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था और अब न्यूजीलैंड ने भी 1-2 से सीरीज अपने नाम किया. इन दोनों शृंखला के बीच साउथ अफ्रीका के सामने टीम इंडिया ने 2-1 से बाजी मारी थी, लेकिन तब शुभमन चोटिल थे और टीम की कमान केएल राहुल संभाल रह थे.
ये भी पढ़ें: जिसपर था घमंड… टीम इंडिया के लिए वही बना सबसे बड़ा विलेन, ये 2 खिलाड़ी हैं शर्मनाक हार के असली गुनहगार
