न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में 53 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद स्टार ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने सोमवार को उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की. इंदौर में खेले गए मुकाबले में नीतीश रेड्डी ने विराट कोहली के साथ मिलकर 88 गेंदों पर 88 रनों की शानदार पार्टनरशिप की. नीतीश कुमार रेड्डी ने तड़के ब्रह्म मुहूर्त में संपन्न होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल से आशीर्वाद प्राप्त किया और देश, टीम तथा अपने आगामी क्रिकेट करियर के लिए मंगलकामना की.
भक्ति में लीन दिखे नीतीश कुमार रेड्डी
उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए. भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान महाकाल का भस्म से शृंगार किया गया, जिसे देखकर नीतीश कुमार रेड्डी भावविभोर नजर आए. उन्होंने कुछ समय तक ध्यान लगाकर भगवान की आराधना की.
दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी का स्वागत एवं सत्कार किया गया. समिति के अधिकारियों और पुजारियों ने उन्हें भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की.
नीतीश कुमार रेड्डी ने कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर आकर भस्म आरती के दर्शन करना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है. उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा से उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हुई है, जो मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा देती है. उन्होंने यह भी कहा कि वे जब भी अवसर मिलता है, धार्मिक स्थलों पर जाकर ईश्वर का आशीर्वाद लेते हैं.
रविवार (18 जनवरी) को इंदौरे के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया 296 रनों पर ऑल आउट हो गई और न्यूजीलैंड ने 2-1 से सीरीज अपने नाम किया.
‘विराट’ शतक पर फिरा पानी
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे ODI में भी बल्ले से दम दिखाया और अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 85वां शतक ठोक दिया. उन्होंने 124 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. टीम इंडिया के ज्यादातर बल्लेबाजों ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया. 338 रनों का पीछा करते हुए भारत ने महज 71 रन पर 4 प्रमुख विकेट गंवा दिए. रोहित शर्मा सीरीज में लगातार तीसरी बार फेल हुए और सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल भी कमाल नहीं दिखा सके. न्यूजीलैंड की तरफ से स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल नायक साबित हुए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 137 रनों की शानदार पारी खेली और भारत के खिलाफ चौथा ODI शतक ठोका. इंदौर वनडे में ग्लेन फिलिप्स ने भी बल्ले से गदर मचाते हुए धमाकेदार सेंचुरी जड़ी.
