US President Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक नक्शे की फोटो साझा की है, जिसने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से शेयर किए गए इस नए नक्शे में कनाडा, वेनेजुएला और ग्रीनलैंड को अमेरिका के भू-भाग वाले हिस्से पर दर्शाया गया है. माना जा रहा है कि इस नक्शे को एआई से बनाया गया है. जो नक्शा डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर किया है, उसमें अमेरिका के आकार को काफी बड़ा दिखाया गया है.
ट्रंप द्वारा शेयर की गई तस्वीर ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. इस नक्शा के अलावा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अन्य तस्वीर भी साझा की है. जिसमें अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर में राष्ट्रपति ट्रंप ग्रीनलैंड क्षेत्र में अमेरिका का झंडा लगाते नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर पर लिखा गया है ‘Greenland US Territory ESt 2026’, इसका सीधा मतलब है ग्रीनलैंड, अमरिकी क्षेत्र- स्थापना 2026.
कनाडा को ट्रंप ने बताया अमेरिका का राज्य
गौरतलब है कि पिछले साल जनवरी के महीने में डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे. इस दौरान उन्होंने यहां तक कहा था कि कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाया जाना चाहिए. हालांकि, कनाडा सरकार ने अमेरिका के इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा. अमेरिका ने कनाडा पर टैरिफ लगाया था, जिसके बाद व्यपार को लेकर काफी तनाव देखने को मिला.
वेनेजुएला के राष्ट्रपति को ट्रंप ने उठवाया
सबसे हैरान करने वाली बात है कि इसी साल की शुरुआत के दौरान अमेरिका के विशेष दलों ने दक्षिण अमेरिका के देश वेनेजुएला में एक ऑपरेशन चलाया, इस दौरान अमेरिकी दलों ने वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर के न्यूयॉर्क लाया. इसके बाद ट्रंप की ओर से कहा गया है कि अमेरिका ही अब वेनेजुएला शासन को चलाएगा और वहां के तेल संसाधनों पर नियंत्रण भी करेगा. इसके बाद वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर हैं. हालांकि, यह पहला मौका है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को खुले तौर पर अमेरिकी क्षेत्र के रूप में दर्शाया है.
यह भी पढ़ें: भारत ने आर्मेनिया को सौंपी पिनाका मिसाइल, पाकिस्तान-तुर्की-अजरबैजान की तिकड़ी पिनक तो बहुत रही होगी!
ग्रीनलैंड पर क्यों पड़ी है ट्रंप की नजर?
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने खुले तौर पर कहा कि है अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काफी आवश्यक है. उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड का इलाका खनिज संसाधनों से भरपूर और रणनीतिक रूप से भी काफी अहम हिस्सा है. हालांकि, इस बात पर भी गौर किया जाना चाहिए कि अमेरिका यहां पर पहले से ही एक सैन्य अड्डा रखता है. हाल में ही कुछ मौकों पर ट्रंप की ओर से कहा कि अमेरिका को ग्रीनलैंड पर पूरी तरीके से नियंत्रण करना चाहिए. वहीं, ग्रीनलैंड के सौदे का विरोध करने वाले यूरोपीय देशों पर ट्रंप ने भारी टैरिफ लगाने की धमकी भी दी है.
यह भी पढ़ें: नोबेल नहीं मिलने से नाराज ट्रंप चाहते हैं ग्रीनलैंड पर कब्जा, नार्वे के PM ने झल्लाकर कहा- ‘अरे भाई हम थोड़ी देंगे नोबेल…!’
