Greenland and Donald Trump: ‘न खाता न बही, जो ट्रंप कहें वही सही’. इस अंदाज में अमेरिकी राष्ट्रपति सबको हांक रहे हैं. ग्रीनलैंड कब्जाने पर आमादा ट्रंप NATO से लेकर UN तक कुछ भी दांव पर लगाने को तैयार हैं. ग्रीनलैंड दुनिया का सबसे बड़ा आइलैंड है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि जिस बर्फ के पहाड़ और बर्फीले समंदर के नीचे दबे कुदरत के अकूत खजाने पर उनकी नजर है, वहां संभव है कि बर्फ की चादर के 1000 फीट नीचे की सीक्रेट लेयर, ट्रंप के ग्रीनलैंड पाने के सपनों पर पानी फेर सकती है.
कैसे फेल हो सकता है ट्रंप का प्लान?
कुछ वैज्ञानिकों की रिसर्च ये बताती है कि ग्रीनलैंड की भौगौलिक स्थिति और वहां का वातावरण, बर्फ की चादर के नीचे जमा मिनरल्स तक पहुंचने में बहुत बड़ी बाधा बन सकते हैं, इसलिए कुदरत से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए. वैज्ञानिकों ने अपनी रिसर्च में ग्रीनलैंड की बर्फ को लेकर नया खुलासा किया है. साइंटिस्ट ने पाया कि बर्फ की मोटी चादर के नीचे एक नरम परत छिपी है, जो नरम मिट्टी और रेत से बनी है. ऐसी जगहों पर मौजूद बर्फ के बड़े बड़े पहाड़ नीचे की सख्त चट्टानों पर टिके होते हैं. इस वजह से मजबूती से डटे रहते हैं. यानी मोटी बर्फ पिघलने के बजाए हमेशा जमी रहती है. लेकिन ग्रीनलैंड में मौजूद बर्फ सख्त पत्थरों पर नहीं, बल्कि इस नरम मिट्टी पर टिकी है. इस कारण आसानी से सरकने लगती है.
रगड़ या टकराव से होती है समस्या
वैज्ञानिकों के मुताबिक नीचे की नरम मिट्टी बर्फ को कमजोर बना रही है. जब बर्फ पिघलती है, तो उसका पानी नीचे जाकर मिट्टी को और चिकना बना देता है. इससे बर्फ और तेजी से खिसकती है. इतनी बड़ी बर्फ की चादर यह हलचल सहन नहीं कर पाती और टूटकर समुद्र में गिर जाती है. इसलिए ग्रीनलैंड की बर्फ जल्दी-जल्दी टूट रही है और पिघल रही है.
