Brazil Lula criticises Trump for trying to rule the world: ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर खुलकर निशाना साधा है. लूला ने कहा कि ट्रंप सोशल मीडिया के जरिए “दुनिया पर राज करने” की कोशिश कर रहे हैं, जो किसी भी सूरत में ठीक नहीं है. न्यूज एजेंसी Xinhua में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, ये बातें लूला ने ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल की एक छोटी सी म्युनिसिपैलिटी रियो ग्रांडे में कही. यहां एक बड़ा इवेंट चल रहा था, जहां गरीबों के लिए घर बांटे जा रहे थे.
“हर दिन कुछ नया बोलते हैं ट्रंप”
अपने भाषण में लूला ने कहा, “क्या आपने गौर किया है कि ट्रंप ट्विटर (अब X) के जरिए पूरी दुनिया को चलाना चाहते हैं? वह हर दिन कुछ नया कहते हैं. ऐसा नहीं चल सकता.” लूला ने सवाल उठाया कि क्या बिना आमने-सामने बात किए, केवल सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों का सम्मान किया जा सकता है? उन्होंने कहा कि अगर इंसानों को इंसान की जगह वस्तु समझा जाएगा, तो समाज में रिश्ते खत्म हो जाएंगे.
आवास योजना के कार्यक्रम में दिया बयान
लूला यह टिप्पणी उस समय कर रहे थे जब वह सरकार की एक बड़ी आवास योजना के तहत 1,276 घरों के हस्तांतरण कार्यक्रम में शामिल हुए. इस योजना से दक्षिणी ब्राजील में करीब 5,000 लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इसी मंच से लूला ने कहा कि आज के दौर में सामाजिक रिश्तों में इंसानियत को दोबारा लौटाने की जरूरत है.
बच्चों के लिए मोबाइल पर सख्ती
ब्राजील के राष्ट्रपति ने मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल पर भी चिंता जताई. उन्होंने 2024 में शुरू की गई अपनी उस नीति का समर्थन किया, जिसमें प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में मोबाइल फोन पर रोक लगाई गई है. लूला ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया से थोड़ा दूर रहकर अपने परिवार और निजी रिश्तों को समय दें.
अंतरराष्ट्रीय कानून पर भी जताई चिंता
इससे पहले भी लूला अमेरिका की नीतियों की आलोचना कर चुके हैं. उन्होंने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर कहा था कि एकतरफा बल प्रयोग अंतरराष्ट्रीय कानून को कमजोर करता है और वैश्विक स्थिरता के लिए खतरा बनता है. The New York Times में लिखे एक लेख में लूला ने कहा कि 3 जनवरी को वेनेजुएला में हुई अमेरिकी कार्रवाई और राष्ट्रपति की गिरफ्तारी ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बने वैश्विक नियमों को नुकसान पहुंचाया है.
‘बोर्ड ऑफ पीस’ पर चुप्पी’
हालांकि, लूला ने अब तक ट्रंप के उस निमंत्रण पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिसमें उन्हें गाजा पट्टी की स्थिति पर नजर रखने वाले तथाकथित “बोर्ड ऑफ पीस” में शामिल होने को कहा गया है.
