Most T20I matches for India: इन दिनों हर एक क्रिकेट फैन को टी20 विश्व कप 2026 का इंतजार है, जिसमें 20 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी. 7 फरवरी से शुरू होने वाला ये पूरा टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर होगा. टीम इंडिया इस बार नए कप्तान की अगुवाई में खिताब डिफेंड करने उतरेगी. आखिरी बार 2024 में जब भारत चैंपियन बना था तो रोहित शर्मा कप्तान थे, उनके साथ विराट कोहली भी खेले थे, लेकिन इस बार ये दोनों दिग्गज नहीं हैं.
सालों तक रोहित-विराट टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए बड़े मैच विनर रहे हैं. दोनों सीनियर खिलाड़ी थे. इनकी गैरमौजूदगी में जो सबसे बड़ा नाम बचता है, वो हार्दिक पांड्या हैं, जो उन गिने-चुने दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने टी20 में भारत के लिए 100 प्लस मैच खेले हैं. हार्दिक से टीम को बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी. यहां हम आपके लिए उन 3 दिग्गजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में 100 प्लस मैच खेले हैं.
लिस्ट से एमएस धोनी का नाम गायब
हैरानी की बात ये है कि इस लिस्ट में महान कप्तान एमएस धोनी का नाम नहीं है, जिन्होंने 2007 का टी20 विश्व कप जिताया था. धोनी ने अपने करियर में भारत के लिए 2006 से लेकर 2019 तक कुल 98 मैच खेले, जिनमें 1617 रन बनाए. अब नीचे उन 3 धुरंधरों के बारे में जानिए, जो इस खास क्लब का हिस्सा हैं.
भारत के लिए 100 प्लस टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले धुरंधर
1. रोहित शर्मा
इस दिग्गज ने 2007 से लेकर 2024 तक कुल 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. रोहित ने इस दौरान 32.05 की औसत से कुल 4231 रन बनाए. उनके नाम 5 शतक हैं. रोहित इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं.
2. विराट कोहली
रोहित के बाद इस लिस्ट में दूसरा नाम विराट कोहली का है, जिन्होंने 2010 से लेकर 2024 तक कुल 125 मैच खेले. इस दौरान किंग कोहली ने 48.69 की दमदार औसत से कुल 4188 रन बनाए, जिसमें 1 शतक भी शामिल है. कोहली ने लंबे समय तक तीसरे नंबर और फिर ओपनिंग की भूमिका निभाई.
3. हार्दिक पांड्या
हार्दिक 2016 से टीम इंडिया का हिस्सा हैं. तब से लेकर अब ये तूफानी ऑलराउंडर 124 मैच खेल चुका है. उन्होंने इस फॉर्मेट में न सिर्फ 2002 रन बनाए हैं, बल्कि 101 विकेट भी झटके हैं. हार्दिक ने 26.92 की औसत से रन जुटाए हैं. वो भारत के लिए इस फॉर्मेट में 2000 प्लस रन और 100 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st T20I: खतरे में दिग्गज विराट कोहली का ये धांसू रिकॉर्ड, 82 रन बनाते ही चकनाचूर कर देंगे अभिषेक शर्मा
