World News In Hindi: डोनाल्ड ट्रंप अपने मर्जी के मालिक हैं और वह जब नाराज होते हैं तो उनके करीबी दोस्त भी उनसे नहीं बच पाते हैं. उन्होंने ग्रीनलैंड मामले पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन की पर्सनल चैट लीक कर दी थी. यहां तक कि ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर को भी ट्रंप के साथ अपनी दोस्ती का ढोल पीटने के कुछ ही घंटों बाद, चागोस आईलैंड डील को लेकर उनकी बड़ी मूर्खता के लिए कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा. इससे एक बात तो साफ है कि ट्रंप के साथ वफादारी सम्मान की गारंटी नहीं देता है. ये बात शायद पाकिस्तान को भी समझ लेनी चाहिए. वहीं ट्रंप की अस्थिर व्यापार कूटनीति के बीच पीएम मोदी की रणनीतिक चुप्पी और दांव-पेच ने भारत को ट्रंप के जाल से बचने में मदद की.
ट्रंप के जाल में नहीं फंसा भारत
ट्रंप की धमकियों को लेकर यूरोप जो अभी सहन कर रहा है भारत ने उसे पहले ही समझ लिया था. इसका पहला उदाहरण मई 2025 में देखने को मिला था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने गलत दावा किया कि उन्होंने टैरिफ की धमकी देकर भारत-पाक जंग खत्म करवाई. भारत इसे पहले ही समझ चुका था कि व्यापार का इस्तेमाल जियोपॉलिटिक्स के टूल के रूप में ट्रंप के इशारों पर काम करवाने के लिए किया जा रहा है. भारत ने इसके परिणामों पर चिंता जाहिर कर दावे का विरोध किया, हालांकि भारत ने संयम बरता और ट्रंप पर कभी सीधा हमला नहीं किया. इतना ही नहीं पीएम मोदी ने फोन कॉल में ट्रंप से स्पष्ट कहा कि युद्धविराम से अमेरिका का कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार के मुद्दे पर ट्रंप से बहस करने से भी इनकार कर दिया, जबकि पाकिस्तान ने हद से ज्यादा चापलूसी का सहारा लिया. इसके परिणाम तुरंत देखे गए.
ये भी पढ़ें- टैरिफ पर नहीं बनी बात लेकिन मोदी को बता रहे अपना परम मित्र, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भारत पर क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?
ट्रंप के साथ नहीं की जुबानी जंग
कुछ हफ्तों बाद ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत टैरिफ था. पाकिस्तान को केवल 19 प्रतिशत का टैरिफ देना पड़ा. इसके बाद भी भारत ने धैर्य को चुनते हुए ट्रंप के साथ जुबानी जंग में कभी हिस्सा नहीं लिया. वह भी तब जब ट्रंप के सहयोगी लगभग हर दिन नए-नए आरोप लगाते रहे, जिसमें भारत को क्रेमलिन के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का अड्डा कहने से लेकर खून के पैसे के आरोप तक लगे. दूसरी तरफ अब ट्रंप ने भी पीएम मोदी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें सच्चा, प्रिय और महान मित्र बताया. भारत अमेरिका के साथ अच्छे-बुरे वाले खेल में नहीं उलझा और टैरिफ के दबाव के बावजूद किसी भी एकतरफा व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने में जल्दबाजी नहीं की और रूस से तेल का आयात भी नहीं रोका.
ये भी पढ़ें- ‘अगर आप टेबल नहीं होंगे तो मेन्यू पर होंगे…,’ कनाडाई पीएम की अमेरिका के खिलाफ बड़ी चेतावनी, टैरिफ पर दुनिया को दिया बड़ा संदेश
ट्रंप के साथ अनावश्यक टकराव से बचा भारत
भारत ने अमेरिका से संबंध नहीं तोड़े वहीं एस जयशंकर-पीयूष गोयल जैसे सीनियर लीडर्स ने पर्दे के पीछे कूटनीति और व्यापार वार्ता जारी रखी. विपक्ष के तीखे हमलों के बीच पीएम मोदी ने अमेरिका का मुकाबला करने के लिए स्वदेशी अभियान को फिर से शुरू किया. भारत के संयम ने उसे ट्रंप के जाल से बचने में मदद की. भारत ने कभी भी ट्रंप के किसी हथकंडे के आगे घुटने नहीं टेके. हाल ही में अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पीएम मोदी के ट्रंप से सीधे बात करने से इनकार करने के कारण ही व्यापार समझौता साकार नहीं हो सका. इसको लेकर जियोपॉलिटिकल एक्सपर्ट और ऑथर फरीद जकारिया ने दावोस में इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि ट्रंप के साथ अनावश्यक टकराव न करके भारत ने अच्छा काम किया है. उन्होंने कहा,’ धैर्य रखें, ट्रंप अस्थिर स्वभाव के हैं. ट्रंप की अपनी अलग ही आदतें हैं, जितना हो सके उन्हें संभालें. उन्हें खुश करने की कोशिश करें.’
