News in Brief

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का मंच तैयार है. सभी टीमों का ऐलान पहले ही हो चुका था, लेकिन कुछ खिलाड़ियों की चोट के चलते टीमों में बदलाव भी हुए हैं. इस बीच एक 44 साल का खिलाड़ी विश्व कप टीम में अचानक लौट आया है. वह गेंद और बल्ले से तबाही मचाने के लिए जाना जाता है. एशिया कप में उसने भारत के खिलाफ फिफ्टी लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं. टीम में उसकी वापसी उस खिलाड़ी की वजह से हुई है, जो चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

जिस खिलाड़ी की वापसी हुई है, वह कोई और नहीं बल्कि आमिर कलीम हैं, जो ओमान टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं. वह लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाजी करते हैं और विकेट टू विकेट गेंदबाजी में माहिर हैं. बल्ले से भी वह अहम योगदान देते हैं. वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं. 44 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस काबिले-तारीफ है. उन्हें चोटिल हसनैन अली शाह की जगह मौका दिया गया है. हसनैन को साइड स्ट्रेन की समस्या हुई है, जिसके चलते वह विश्व कप नहीं खेल पाएंगे.

कैसा है आमिर कलीम का करियर?

ये वही आमिर कलीम हैं, जिन्होंने एशिया कप 2025 के दौरान शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बावजूद उन्हें टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी, लेकिन अब वह इस बड़े मंच पर धमाल मचाते नजर आएंगे. 44 साल के आमिर टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर और एशिया कप 2025 में भी टीम के लिए खेल चुके हैं. आमिर ओमान के लिए 2015 से लेकर 2025 तक कुल 69 मैचों में 66 विकेट ले चुके हैं. बल्ले से 878 रन भी किए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

ओमान का पहला मैच कब है?

टी20 विश्व कप 2026 भारत और श्रीलंका में खेला जाना है. इसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी. ओमान को ग्रुप बी में रखा गया है. ओमान का सामना श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और आयरलैंड की टीमों से होगा. ओमान अपना पहला मैच 9 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ओमान टीम इस प्रकार है

जतिंदर सिंह (कप्तान), विनायक शुक्ला (उपकप्तान), मोहम्मद नदीम, शकील अहमद, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावले, फैसल शाह, नदीम खान, सुफियान महमूद, जय ओडेदरा, शफीक जान, आशीष ओडेदरा, जितेन रामानंदी, आमिर कलीम.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: चोटिल अक्षर पटेल की जगह किसे मिलेगा मौका? इस मैच विनर की होगी प्लेइंग 11 में एंट्री!