अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के बीच लगातार तनाव बना हुआ है. इसी बीच खबर सामने आई कि लूला फरवरी महीने में भारत के दौरे पर आ रहे हैं, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात तय है. इस दौरे को सिर्फ एक कूटनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति में बदलते समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है.

मोदी-लूला फोन बातचीत में क्या हुआ?
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच फोन पर बातचीत हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी की मौजूदा स्थिति और आगे की दिशा पर चर्चा की. पीएम मोदी ने साफ कहा कि ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए भारत और ब्राजील का साथ बेहद जरूरी है.

फरवरी में भारत आएंगे राष्ट्रपति लूला
राष्ट्रपति लूला 19 से 21 फरवरी के बीच नई दिल्ली का दौरा करेंगे. इस दौरान Brazil-India Business Forum का आयोजन होगा और राजधानी में Apex-Brasil कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा. माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

व्यापार और निवेश पर बड़ा फोकस
भारत और ब्राजील के बीच व्यापारिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं. लूला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उनके भारत दौरे का मकसद द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाना है. इसमें उद्योग, निवेश, कृषि और तकनीक जैसे क्षेत्रों पर खास ध्यान रहेगा.

अमेरिका से अलग राह, ग्लोबल साउथ की बात
डोनाल्ड ट्रंप के दौर में अमेरिका और लूला के रिश्तों में तल्खी रही है. ट्रंप की टैरिफ नीति और धमकियों के बावजूद लूला ने कभी सार्वजनिक तौर पर झुकने के संकेत नहीं दिए. अब भारत के साथ उनकी नजदीकी को ग्लोबल साउथ के देशों के बीच बढ़ती एकजुटता के तौर पर देखा जा रहा है.

गाजा और वैश्विक शांति पर साझा रुख
फोन बातचीत में गाजा में शांति, बहुपक्षीय व्यवस्था और लोकतंत्र के समर्थन पर भी बात हुई. दोनों नेताओं ने साफ किया कि वे दुनिया में स्थिरता और शांति के पक्ष में हैं और किसी एक ताकत के दबाव में फैसले नहीं करेंगे.

रक्षा और कृषि सहयोग भी मजबूत
हाल के महीनों में भारत और ब्राजील के बीच रक्षा सहयोग और कृषि क्षेत्र में भी बड़े समझौते हुए हैं. डेयरी जीनोमिक्स से जुड़ा समझौता और नौसेना स्तर की बातचीत इस रिश्ते की गहराई को दिखाती है.

क्यों अहम है यह दौरा?
लूला का भारत दौरा ऐसे वक्त हो रहा है जब अमेरिका की राजनीति में फिर से ट्रंप फैक्टर चर्चा में है. ऐसे में भारत-ब्राजील की यह नजदीकी वॉशिंगटन तक संदेश भेजती नजर आ रही है. अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप और ब्राजील के लूला दा सिल्वा के बीच दुश्मनी पुरानी है. ट्रंप ने 2025 में ब्राजील पर 50% तक टैरिफ ठोक दिए थे, सिर्फ इसलिए क्योंकि लूला के पहले राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो (ट्रंप का दोस्त) पर मुकदमा चल रहा था. लूला ने ट्रंप को खुले में “सोशल मीडिया से दुनिया चलाने वाला” कहा, फोन-बेस्ड पॉलिसी पर तंज कसा, और कहा कि ट्रंप “दुनिया का सम्राट नहीं है”. हाल ही में लूला ने ट्रंप के वेनेजुएला एक्शन पर भी न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखा कि ये “अस्वीकार्य” है और लैटिन अमेरिका में खतरा बढ़ा रहा है.