T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का मंच तैयार है. यह मेगा इवेंट भारत-श्रीलंका की मेजबानी में हो रहा है. टूर्नामेंट के लिए कुल 7 वेन्यू तय हैं, मतलब ये कि 7 अलग-अलग मैदानों पर यह टूर्नामेंट होगा. 20 टीमें खिताब के लिए इन मैदानों पर जंग लड़ने उतरेंगी. भारत के 5 जबकि श्रीलंका के 2 मैदान चुने गए हैं. भारत में जिन 5 शहरों में विश्व कप के मैच होंगे, उनमें दिल्ली भी शामिल है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कुल 5 मैच खेले जाएंगे. इन मैचों की मेजबानी के लिए यह छोटा, लेकिन खूबसूरत मैदान पूरी तरह तैयार है.
दिल्ली में कुल 5 मैच होंगे?
दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम भारत के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक है. इसमें 48000 दर्शक बैठ सकते हैं. दिल्ली में विश्व कप 2026 के कुल 5 मैच होने हैं. पहला मुकाबला 10 फरवरी को होगा, जबकि आखिरी मैच 18 फरवरी को खेला जाएगा.
कैसा है दिल्ली में टी20 इंटरनेशनल मैचों का रिकॉर्ड
दिल्ली के अरुण जेटली मैदान पर कुल 14 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं. इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 5 जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं. अरुण जेटली स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 145 रन है, जबकि दूसरी पारी में यह घटकर 133 रन हो जाता है. मतलब चेज करना मुश्किल होता है, क्योंकि दूसरी पारी में स्पिनर्स को खूब मदद मिलती है, ये इंटरनेशनल मैचों के आंकड़े हैं, लेकिन आईपीएल में यह कहानी बदल जाती है. आईपीएल में पहली पारी का औसत स्कोर 169 रन होता है.
अबूझ पहेली बने इस मैदान पर जीत के लिए क्या जरूरी?
टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम अलग-अलग रंग दिखाता है. मतलब यहां टेस्ट में जहां रन बनाना मुश्किल होता है, तो वहीं वनडे और टी20 में कभी बल्लेबाजों तो कभी गेंदबाजों को मदद मिलती है. यह टी20 में हाई-स्कोरिंग लेकिन स्मार्ट क्रिकेट का मैदान है. टी20 गेम में इस मैदान का मिजाज समझना अभी तक अबूझ पहेली बना हुआ है, क्योंकि कभी कोई टीम 200 प्लस रन बनाती है तो कभी 150 भी मुश्किल से बनते हैं. लेकिन एक बात तय है कि यहां जिस भी टीम ने स्पिनर्स को अच्छी तरह खेल लिया, वो हमेशा जीत के करीब रहती है.
सबसे बड़ा स्कोर किसने बनाया?
टी20 इंटरनेशनल में यहां जो सबसे बड़ा स्कोर बना है, वो 9 विकेट पर 221 रन का है. भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 2024 में यह स्कोर बनाया था और फिर बांग्लादेश को 136 रनों पर रोककर 86 रनों से जीत दर्ज की थी. यहां सबसे कम स्कोर 120 रन का है, जो श्रीलंका ने 2016 के टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था.
212 रन हो चुके हैं चेज
दिल्ली के इस मैदान पर सबसे सफल रन चेज 212 रन का है, जो साउथ अफ्रीका ने 2022 में भारत के खिलाफ किया था. भारत ने 4 विकेट खोकर 211 रन बनाए थे, जिसमें ईशान किशन की 48 गेंदों पर 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 76 रनों की तूफानी पारी शामिल थी, लेकिन अफ्रीका ने 3 विकेट खोकर 19.1 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया था. अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 31 गेंदों पर 64 जबकि रासी वैन डर डुसेन ने 46 गेंदों पर 75 रनों की पारियां खेली थीं.
96 रन हुए थे डिफेंड
यहां सबसे छोटा टारगेट जो डिफेंड हुआ है, वो 96 रनों का है. हालांकि यह भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में हुआ था, जिसमें पाकिस्तान ने 2 रनों से मैच जीता था.
दिल्ली में आईपीएल मैचों का रिकॉर्ड
इस मैदान पर आईपीएल के 97 मैच खेले गए हैं, जिनमें कुल 31406 रन बने हैं. सबसे बड़ा टोटल 278 रनों का है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया था. सबसे कम स्कोर 83 रन का है, जो दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज है. इस मैदान पर आईपीएल में सबसे सफल रन चेज 205 रनों का है, जो गुजरात की टीम ने किया था. आईपीएल में यहां प्रति ओवर 8.61 रन की दर से रन बनते हैं, जबकि पहली पारी का औसत स्कोर 169 रन है.
टी20 विश्व कप 2026 के ये 5 मैच दिल्ली में होंगे
- 10 फरवरी- नीदरलैंड vs नामीबिया
- 12 फरवरी- भारत vs नामीबिया
- 13 फरवरी- कनाडा vs यूएई
- 16 फरवरी- अफगानिस्तान vs यूएई
- 18 फरवरी- साउथ अफ्रीका vs यूएई
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: खतरे में आया KL Rahul का ये तूफानी रिकॉर्ड, 19 छक्के लगाते ही तोड़ देंगे अभिषेक शर्मा
