News in Brief

IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रायपुर में खेला गया टी20 मैच जिसने भी देखा, वो मैच से नजरें नहीं हटा पाया. वजह रही टीम इंडिया की विस्फोटक बल्लेबाजी. ऐसी बैटिंग, जिसने न्यूजीलैंड के होश तो उड़ाए ही, बल्कि टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाली बाकी 19 टीमों की टेंशन भी बढ़ा दी है. जी हां, भारत ने 209 रनों का टारगेट सिर्फ 15.2 ओवर में चेज कर दिया. यह टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में 200 से ज्यादा रनों के टारगेट का पीछा करते हुए अब तक की सबसे तेज जीत रही.

भारत ने 209 रनों का टारगेट 28 गेंदें बाकी रहते हुए चेज कर दिया, वो भी तब जब उसके पहले दोनों ओपनर सिर्फ 6 रनों के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे. यह छठा मौका था जब टीम इंडिया ने 200+ का टारगेट चेज किया. जब टीम इंडिया ने पहले दोनों ओपनर 6 रनों पर खो दिए तो मैदान पर सन्नाटा छा गया, लेकिन यह सुनामी से पहले की खामोशी थी. वो सुनामी जो ईशान किशन लेकर आए.

छा गए ईशान किशन

ईशान किशन ने क्रीज पर आते ही चौके-छक्कों की बारिश कर दी. उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों पर फिफ्टी ठोकी. किशन ने 32 गेंदों पर 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 76 रन किए. एक तरफ से किशन विस्फोटक बैटिंग कर रहे थे, तो दूसरी तरफ सूर्या ने मोर्चा संभाला था. दोनों के बीच 122 रनों की साझेदारी हुई.

Add Zee News as a Preferred Source

सूर्या ने भी मचाई तबाही

जब किशन आउट हो गए तो सूर्या ने तबाही मचा दी. सूर्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 पारियों बाद टी20 में फिफ्टी पूरी की और 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए. सूर्या के बल्ले से 9 चौके और 4 छक्के निकले. उनके अलावा शिवम दुबे ने भी बहती गंगा में हाथ धोया. उन्होंने 18 गेंदों पर 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 36 रन कूटे और भारत को जीत दिलाकर नाबाद लौटे.

मैच के बाद सूर्या का विस्फोटक बयान

मैच के बाद जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि लोग सोच रहे हैं कि ऐसी बल्लेबाजी करके क्या भारत विरोधियों को डराने लगा है, और भारत को कैसे रोका जाए, इस सवाल पर कप्तान ने जो कहा उसने विश्व क्रिकेट में खलबली मचा दी. सूर्या ने खुलकर तो इस पर हां नहीं बोला, लेकिन अपने बयान से ये जरूर संकेत दे दिए कि ये सवाल काफी हद तक ठीक है.

हम कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते- सूर्यकुमार यादव

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की विस्फोटक अप्रोच को लेकर कहा कि ‘मैं सच में इस समय जो हो रहा है, उसका खूब आनंद ले रहा हूं. टीम का माहौल बहुत खुशहाल है और मैं सभी को उसी स्पेस में रखना चाहता हूं. हालात चाहे जैसे भी हों, हम इसी तरह का क्रिकेट खेलना चाहते हैं और कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते. 200 या 210 रन का पीछा करते हुए हम बल्लेबाजों से यही चाहते हैं कि वो मैदान पर जाएं, खुद को खुलकर एक्सप्रेस करें, अपने स्पेस में खुश रहें. और आज ईशान ने बिल्कुल वही किया.’

ये भी पढ़ें:  IND vs NZ T20I: इस मामले में एशिया की बेताज बादशाह बनी Team India, घर में लगाया ये अनोखा शतक, फिर भी न्यूजीलैंड से है पीछे