News in Brief

India vs New Zealand T20 Match: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से प्रचंड जीत हासिल की. उसने रायपुर में खेले गए मुकाबले में 209 रन के टारगेट को 15.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया. टीम इंडिया के लिए इस मैच में ईशान किशन और शिवम दुबे ने जोरदार पारी खेली. दोनों ने कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. किशन ने 32 गेंद पर 76 रन तो शिवम ने 18 गेंद पर नाबाद 36 रन ठोके. भारत की इस आक्रामक बल्लेबाजी को देखकर टी20 वर्ल्ड कप से पहले उसके विपक्षी कांप गए होंगे.

टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी

टीम इंडिया के लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि कप्तान सूर्यकुमार यादव फॉर्म में लौट आए. वह 2025 में टी20 इंटरनेशनल में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे. उनके ऊपर टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारी दबाव था. इस धाकड़ बल्लेबाज ने कीवी गेंदबाजों के नाक में दम कर दिया. उन्होंने अपना पुराना अवतार दिखाया और मैदान के चारों ओर जबरदस्त शॉट लगाए. सूर्या ने 37 गेंद पर नाबाद 82 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए. भारतीय कप्तान का स्ट्राइक रेट 221.62 रहा.

Add Zee News as a Preferred Source

रायपुर की पिच को छुआ और धन्यवाद कहा

सूर्या टी20 फॉर्मेट में दुनिया के सबसे खूंखार बल्लेबाजों में एक हैं. जब वह क्रीज पर होते हैं तो किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शते हैं. भारतीय कप्तान ने एक साल से ज्यादा समय बाद अपना पहला टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक बनाने के बाद पिच को छुआ और लगभग धन्यवाद देते हुए सम्मानजनक तरीके से जश्न मनाया. उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके तुरंत बाद 22 गज की पिच पर झुके और प्रार्थना जैसा इशारा किया. उसके बाद ही उन्होंने रायपुर की भीड़ की तालियों और इंडियन ड्रेसिंग रूम के स्टैंडिंग ओवेशन को स्वीकार किया.

ये भी पढ़ें: ‘पता नहीं उसने क्या खाया, ऐसी बैटिंग कभी नहीं देखी…’, सूर्यकुमार यादव का गजब बयान, ‘पॉकेट डायनामाइट’ के बने फैन

2025 में ऐसा था प्रदर्शन

वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे धाकड़ टी20 बल्लेबाजों में एक सूर्यकुमार के लिए 2025 का साल भूलने वाला रहा था. वह 21 मैच की 19 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे. सूर्या ने 13.62 की औसत और 123.16 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 218 रन बनाए थे. इसके बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही थी. यहां तक कहा जाने लगा था कि वह सिर्फ कप्तान होने के कारण टीम में बने हुए हैं. ऐसे में उनके ऊपर काफी दबाव था.

ये भी पढ़ें: 48 घंटे में टूट गया अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड, ईशान किशन ने उड़ाया गर्दा, एक झटके में राहुल-रोहित-सूर्यकुमार से आगे

सही समय पर चला सूर्या का बल्ला

सूर्या ने अपना पिछला अर्धशतक 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में लगाया था. तब उन्होंने 75 रनों की पारी खेली थी. उसके बाद उनका बल्ला ऐसा खामोश हुआ कि रन बनाने का नाम ही नहीं ले रहा था. सूर्या ने ठीक ऐसे समय पर फॉर्म में वापसी कर ली है जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. उनकी पारी ने ट्रॉफी डिफेंड करने की उम्मीदों को बढ़ा दिया है. भारत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ मैच से अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा.