Us Senator Warner Letter: अमेरिका के एक वरिष्ठ सीनेटर ने पाकिस्तान में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री से दखल देने की मांग की है. उनका कहना है कि पाकिस्तान में नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई बढ़ी है. चुनावों में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं. विदेशों में रहने वाले पाकिस्तानियों को भी डराया जा रहा है.

चुनावों को लेकर सवाल
सीनेटर वॉर्नर ने पाकिस्तान के 2024 के आम चुनावों का जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि ये चुनाव 2023 से टाल दिए गए थे. इनके दौरान हिंसा की खबरें सामने आईं. साथ ही चुनाव में दखल और गड़बड़ी के आरोप भी लगे. इन बातों को अमेरिका, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और पाकिस्तान की सिविल सोसाइटी ने दर्ज किया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के हवाले से उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान बोलने, संगठन बनाने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की आजादी पर बेवजह रोक लगाई गई.

PTI समर्थकों पर कार्रवाई
चुनाव के बाद की कार्रवाई पर भी सीनेटर ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI को सबसे ज्यादा सीटें मिलीं. लेकिन बहुमत नहीं मिला. इसके बाद PTI के समर्थकों और नेताओं को बड़ी संख्या में हिरासत में लिया गया है. उनके मुताबिक चुनाव से पहले और बाद के महीनों में बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुईं हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

इमरान खान की गिरफ्तारी का मामला
सीनेटर ने इमरान खान की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि 2023 में इमरान खान को भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में गिरफ्तार किया गया था. इस गिरफ्तारी ने दुनिया का ध्यान खींचा है. 2024 में संयुक्त राष्ट्र के एक वर्किंग ग्रुप ने कहा था कि इमरान खान की हिरासत का कोई कानूनी आधार नहीं था. ऐसा लगता है कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.

बता दें, वॉर्नर ने यह भी कहा कि हाल के समय में कुछ पाकिस्तानी पत्रकारों को गैरहाजिरी में उम्रकैद की सजा दी गई है. साथ ही नागरिकों और पत्रकारों पर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि यह तरीका लोकतांत्रिक मानकों के खिलाफ है.

विदेशों में भी दबाव का आरोप
सीनेटर ने अमेरिका और खासकर वर्जीनिया में रहने वाले पाकिस्तानी लोगों को डराने-धमकाने की घटनाओं पर भी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि विदेश में रहने वाले लोगों और उनके पाकिस्तान में मौजूद परिवारों पर दबाव बनाया जा रहा है. इसमें मनमानी गिरफ्तारियां, हिरासत और हिंसा तक शामिल है. उनका कहना है कि यह सब सरकार की आलोचना दबाने की कोशिश का हिस्सा लगता है.

जांच और कार्रवाई की मांग
अपने पत्र में वॉर्नर ने मांग की कि अमेरिका में रहने वाले लोगों के खिलाफ होने वाली ऐसी हरकतों की पूरी जांच हो. दोषियों पर कार्रवाई की जाए. उन्होंने अमेरिका और उसके अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से मिलकर इन आरोपों की जांच करने की अपील भी की है.

दूसरे देशों में भी पड़ेगा असर
सीनेटर ने कहा कि पाकिस्तान की ये कार्रवाइयां सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं हैं. दूसरे देशों में भी सरकार और सेना के आलोचकों को निशाना बनाया जा रहा है. हाल ही में ब्रिटेन के अखबार द गार्जियन ने खबर दी थी कि लंदन पुलिस पाकिस्तानी पर हुए कुछ खास हमलों की जांच कर रही है. रिपोर्ट में शक जताया गया है कि आलोचकों को चुप कराने के लिए अपराधियों के जरिए हमला कराया गया हो सकता है.

यह भी पढ़ें: ‘जनता को गुमराह कर रहे हैं मोहम्मद यूनुस…’, आम चुनावों से पहले भड़की आवामी लीग, क्यों कहा- बना रहेगा काला धब्बा?