IS Bindra Contribution To Indian Cricket: इंद्रजीत सिंह बिंद्रा, ये वो नाम है जिसने पर्दे के पीछे रहकर दुनिया के नक्शे पर भारतीय क्रिकेट को हमेशा के लिए बदलने का काम किया. आईएस बिंद्रा केवल एक प्रशासक नहीं थे, बल्कि एक दूरदर्शी थे जिन्होंने क्रिकेट को एक खेल से बदलकर एक विशाल वैश्विक उद्योग बनाने में मदद की. बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष भारतीय क्रिकेट प्रशासन के उन स्तंभों में से एक हैं, जिन्होंने न केवल भारत में खेल के ढांचे को बदला, बल्कि वैश्विक स्तर पर BCCI को एक महाशक्ति बनाने की नींव रखी. हाल ही में 25 जनवरी 2026 को 84 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ, जो भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत है.
आईएस बिंद्रा ने क्रिकेट को केवल मैदान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे व्यापार, तकनीक और बेहतर बुनियादी ढांचे से जोड़ा. हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों ने उन्हें एक ”पिता समान व्यक्तित्व” बताया, जिन्होंने न केवल स्टेडियम बनाए बल्कि कई क्रिकेटरों के करियर को भी दिशा दी. आइए भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान पर एक नजर डालते हैं, जिसे हिंदुस्तान कभी नहीं भूलेगा.
1. भारत में विश्व कप की मेजबानी (1987 और 1996)
आईएस बिंद्रा के सबसे बड़े योगदानों में से एक 1987 के विश्व कप को इंग्लैंड से बाहर निकाल कर भारत और पाकिस्तान लाना था. पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया और एन.के.पी. साल्वे के साथ मिलकर उन्होंने यह साबित किया कि भारतीय उपमहाद्वीप विश्व स्तरीय टूर्नामेंट आयोजित करने में सक्षम है. उन्होंने 1996 के विश्व कप की सफल मेजबानी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने भारत को वैश्विक क्रिकेट के आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित किया.
2. बीसीसीआई (BCCI) का आधुनिकीकरण
1993 से 1996 तक बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में, बिंद्रा ने बोर्ड के कामकाज में पेशेवर दृष्टिकोण अपनाया.
प्रसारण अधिकारों का लोकतंत्रीकरण: 1994 में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में दूरदर्शन के एकाधिकार (monopoly) को चुनौती दी. इस जीत के बाद निजी चैनलों (जैसे ESPN और Star Sports) के लिए रास्ते खुले, जिससे बीसीसीआई की आय करोड़ों में पहुंच गई. उनके कार्यकाल के दौरान ही बीसीसीआई ने एक “गरीब बोर्ड” से “दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड” बनने की यात्रा शुरू की.
3. पंजाब क्रिकेट और मोहाली स्टेडियम का निर्माण
आईएस बिंद्रा ने 36 वर्षों (1978-2014) तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) का नेतृत्व किया. उन्होंने चंडीगढ़ के पास मोहाली में एक विश्व स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करवाया, जो आज भारत के सबसे आधुनिक और खूबसूरत मैदानों में से एक है. 2011 वर्ल्ड कप में इसी स्टेडियम में भारत ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को रौंदा था. 2015 में उनके सम्मान में इस स्टेडियम का नाम बदलकर “आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम” कर दिया गया.
4. आईपीएल (IPL) और वैश्विक भूमिका
बिंद्रा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के गठन के दौरान मुख्य सलाहकारों में से एक थे. उन्होंने खेल और मनोरंजन के इस मेल को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार करने में मदद की. उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में शरद पवार के कार्यकाल के दौरान मुख्य सलाहकार के रूप में भी सेवा दी, जहां उन्होंने वैश्विक क्रिकेट राजनीति में भारत के प्रभाव को और मजबूत किया.
