News in Brief

IND vs ZIM U19 World Cup: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया सुपर सिक्स स्टेज के अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे का सामना कर रही है. बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में 14 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने एक और विस्फोटक पारी खेली. जिम्बाब्वे अंडर-19 टीम  ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और उनके साथी एरोन जॉर्ज ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई. एरोन जॉर्ज 23 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सूर्यवंशी ने धुनाई जारी रखी.

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ चौकों-छक्कों में डील कर रहे थे. जिम्बाब्वे पर दबाव था और ऐसे में उनके एक गेंदबाज बौखला गए. भारतीय बैटिंग पारी के 5वें ओवर में मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज पनाशे मजाई की 5वीं गेंद पर झन्नाटेदार छक्का मारा. गेंद स्टेडियम के पार चली गई और वापस आने में देरी भी हुई.

वैभव सूर्यवंशी को आंख दिखा रहा था गेंदबाज

Add Zee News as a Preferred Source

दिलचस्प बात ये है कि वैभव सूर्यवंशी से इतना लंबा छक्का खाने के बावजूद जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज पनाशे मजाई उन्हें देर तक आंख दिखाते रहे. भारतीय खिलाड़ी भी कहां पीछे रहने वाले थे. जितनी देर तक मजाई उन्हें घूरते रहे, वैभव सूर्यवंशी ने भी पलक नहीं झपकाई. उसके बाद अगले ओवर में उन्होंने मजाई की हवा टाइट करते हुए 2 छक्के और एक चौके सहित ओवर में 18 रन लूट लिए.

वैभव सूर्यवंशी ने बनाए 52 रन

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में खेल रहे थे, ऐसा लगा कि एक और बड़ा शतक आने वाला है, लेकिन 30 गेंदों पर 52 रनों की तेज तर्रार पारी खेलने के बाद वो आउट हो गए. उन्होंने 24 गेंद पर अर्धशतक जड़ा. इस पारी के दौरान 14 साल के युवा सनसनी ने 4 चौके और 4 छक्के जड़े. वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे ने एक बार और निराश किया और 21 रन बनाकर औ हो गए. खबर लिखे जाने तक भारत अंडर-19 टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए हैं.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: सीरीज गंवाने के बाद अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग 11 उतारेगा न्यूजीलैंड, ये 3 खिलाड़ी बदलेंगे किस्मत?