News in Brief

Sri Lanka vs England ODI: इंग्लैंड ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को हरा दिया. इस जीत के साथ ही उसने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया. लंकाई टीम ने पहले मैच में जीत हासिल की थी. इसके बाद इंग्लैंड ने फॉर्म को वापस हासिल कर लिया और अगले दोनों मैच को जीतकर ट्रॉफी उठा ली. तीसरे वनडे में उसके लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और कप्तान हैरी ब्रूक ने शतक लगाया.

मैच में लगे 3 शतक

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 50 ओवरों में 3 विकेट पर 357 रन बनाए. रूट ने 108 गेंद पर नाबाद 111 और ब्रूक ने 66 गेंदों पर नाबाद 136 रनों की पारी खेलकर तबाही मचा दी. उसके लिए जैकब बेथेल ने 65 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की टीम 46.4 ओवरों में 304 रनों पर सिमट गई और मैच में 53 रनों से हार गई. उसके लिए पवन रतनायके ने 115 गेंदों पर 121 रन बनाए. उसके लिए पथुम निसांका ने 25 गेंद पर 50 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source

रूट और बेथेल की शतकयी साझेदारी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली. पहला विकेट बेन डकेट के रूप में 19 और दूसरा विकेट रेहान अहमद के रूप में 40 के स्कोर पर गिरा. दोनों ने क्रमश: 7 और 24 रन बनाए. 40 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में फंसी इंग्लैंड को अनुभवी जो रूट और युवा जैकब बेथेल ने संभाला. रूट और बेथेल ने तीसरे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड के लिए बड़े स्कोर की बुनियाद रखी. टीम का स्कोर जब 166 रन था, उस समय जैकब बेथेल 65 रन बनाकर आउट हुए. 72 गेंदों की अपनी पारी में बेथेल ने 8 चौके लगाए.

ये भी पढ़ें: U19 World Cup: वैभव सूर्यवंशी का प्रहार, विहान मल्होत्रा का शतकीय वार… सुपर सिक्स में भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा

ब्रूक ने मचाया असली तूफान

इसके बाद रूट को हैरी ब्रूक का साथ मिला. ब्रूक ने क्रीज पर आते हीं धुआंधार बल्लेबाजी शुरू की. दोनों बल्लेबाजों ने 18.5 ओवर में 191 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रन तक पहुंचा दिया. ब्रूक 66 गेंद पर 9 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 136 रन बनाकर नाबाद रहे. ब्रूक ने 40 गेंद पर फिफ्टी लगाई और फिर 57 गेंद पर अपना शतक पूरा कर लिया. हैरी ब्रूक के वनडे करियर का यह तीसरा शतक था. साथ ही उनके वनडे करियर की यह अब तक की सबसे बड़ी पारी भी थी.

ये भी पढ़ें: Explained: ICC के गली की हड्डी बना पाकिस्तान, टी20 वर्ल्ड कप से बॉयकॉट किया तो क्या होगा?

रूट ने ठोका 20वां वनडे शतक

जो रूट 108 गेंद पर 1 छक्का और 9 चौके की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद रहे. रूट के वनडे करियर का यह 20वां शतक था. श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने 9 ओवर में 77 रन दिए. वानिंदु हसरंगा ने 10 ओवर में 76, और जेफ्री वेंडरसे ने 10 ओवर में 76 रन लुटाए. जेनिथ लियांगे सबसे किफायती गेंदबाज रहे. उन्होंने 3 ओवर में 7 रन दिए.