Senator Warner on India-America relations: अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में हाल के वर्षों में कुछ तनाव बढ़ा है. सीनेटर मार्क वार्नर, जो अमेरिकी सीनेट इंटेलिजेंस कमिटी के चेयरमैन और सीनेट इंडिया कॉकेस के सह-अध्यक्ष हैं, उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव, लगाए गए टैरिफ और विश्वास की कमी रिश्तों को कमजोर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका की साझेदारी रणनीतिक रूप से बहुत जरूरी है, लेकिन वर्तमान में इसका पूरा लाभ नहीं उठाया जा रहा है. वार्नर ने साफ किया कि अमेरिका के लिए 21वीं सदी में भारत के साथ संबंध सबसे जरूरी हैं, और वर्तमान स्थिति उतनी मजबूत नहीं है जितनी होनी चाहिए.

भारत के साथ संबंध मजबूत करना चाहता है अमेरिका
उन्होंने कहा कि पिछले दशक में भारत का वैश्विक महत्व काफी बढ़ा है. अब भारत सिर्फ विकास के कगार पर नहीं है, बल्कि उसने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रशासनों ने हमेशा भारत के साथ संबंध मजबूत करने की कोशिश की है, खासकर उसे रूस पर निर्भरता कम करने और चीन के खिलाफ रणनीतिक विकल्प बनाने के लिए. हालांकि, वार्नर ने चेताया कि हालिया व्यापारिक विवाद और टैरिफ इस प्रगति को रोकने का काम कर रहे हैं. उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण और असंगत बताया है, खासकर रूस से तेल खरीदने को लेकर बोला है.

वार्नर ने यह भी कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता न बढ़ाने और एच-1बी वीजा जैसे मुद्दों पर नकारात्मक रुख से अमेरिका-भारत संबंधों पर असर पड़ सकता है. उनका कहना था कि भारत अपनी रणनीतिक स्वतंत्रता का पालन करता है और यदि अमेरिका कठोर रवैया अपनाता है, तो यह देश को चीन और रूस के करीब ले जा सकता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिकी कांग्रेस में द्विपक्षीय समर्थन मजबूत है, लेकिन विश्वास को तोड़ना आसान और उसे वापस लाना कठिन होता है.

Add Zee News as a Preferred Source

झूठे हैं ट्रंप, अमेरिका नहीं भारत और पाकिस्तान ने बातचीत से सुलझाया था मुद्दा
पाकिस्तान और भारत के हालिया तनाव को लेकर भी वार्नर ने जरूरी बातें कही हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन ने इस मुद्दे को अकेले हल करने का दावा किया है, जो वास्तविकता से परे है. उन्होंने बताया कि मिले हुए जानकारी के अनुसार ये मुद्दा भारत और पाकिस्तान के बीच ही सुलझा था.अमेरिका ने शायद सहयोगी भूमिका निभाई हो, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे व्यक्तिगत रूप से हल नहीं किया है. वार्नर ने चेताया कि इस तरह के दावे क्षेत्रीय संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं और लंबे समय वाले रणनीतिक सहयोग को कमजोर कर सकते हैं.

सीनेटर ने कहा कि पाकिस्तान अक्सर भारत के प्रति अत्यधिक ध्यान केंद्रित करता है और इसका आर्थिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है. इसके विपरीत, भारत अब इस चीज से आगे बढ़ चुका है और अमेरिकी सहयोग के साथ रणनीतिक और वैश्विक स्तर पर अपने कदम मजबूत कर रहा है. उन्होंने ये भी बताया कि भारतीय अमेरिकी समुदाय इस रिश्ते में एक मजबूत स्तंभ है. वार्नर ने अंत में जोर देकर कहा कि विश्वास की बहाली समय लेगी और इसके लिए निरंतर प्रयास और दोनों तरफ से संवाद आवश्यक हैं.

यह भी पढ़ें: पहले सीना ठोकर ट्रंप का किया विरोध, अब चीन से मदद मांगने जा रहे कीर स्टार्मर, अमेरिका- ब्रिटेन में खुलकर होगी दुश्मनी या बचा लेंगे शी जिनपिंग?