News in Brief

Jemimah Rodrigues Fined: महिला प्रीमियर लीग 2026 के 17वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना गुजरात जायंट्स से हुआ. वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात की टीम ने कैपिटल्स को 3 रन से हरा दिया. DC को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रनों की दरकार थी. अनुभवी सोफी डिवाइन ने एक बार फिर दिल्ली का दिल तोड़ते हुए शानदार गेंदबाजी की और उनके जबड़े से जीत छीन ली. अभी जेमिमा रोड्रिगेज हार के गम से बाहर भी नहीं निकली थी कि बीसीसीआई ने उन्हें एक और बड़ा झटका दे दिया. 

जेमिमा पर धीमे ओवर रेट की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है. महिला प्रीमियर लीग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह जुर्माना लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत मिनिमम ओवर-रेट से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण लगाया गया है. लीग ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा सीजन में यह जेमिमा रोड्रिग्स का पहला ओवर-रेट अपराध था.

हार और जुर्माने का असर दिल्ली कैपिटल्स के पूरे अभियान पर साफ दिखाई दे रहा है. टीम 7 मैचों में छह अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर खिसक गई है. नेट रन रेट -0.164 हो गया है। इससे प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी राह कठिन हो गई है. प्लेऑफ की संभावना को बनाए रखने के लिए दिल्ली को 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ होने वाले अपने आखिरी लीग मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

Add Zee News as a Preferred Source

गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन स्नेह राणा और युवा बल्लेबाज निकी प्रसाद ने शानदार संघर्ष दिखाया. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 70 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने दिल्ली को मुकाबले में वापस ला दिया. राणा ने 15 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि प्रसाद ने सिर्फ 24 गेंदों पर 47 रनों की तूफानी पारी खेली.

हालांकि, आखिरी ओवर में गुजरात की अनुभवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने बेहतरीन संयम दिखाया और सिर्फ 5 रन देकर दिल्ली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स ने दिल्ली के खिलाफ इस सीजन का डबल भी पूरा कर लिया. दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए थे. दिल्ली 8 विकेट पर 171 रन बना सकी और मैच 3 रन से हार गई.

ये भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप का धुरंधर कौन? किसने बनाए सबसे ज्यादा रन, किस गेंदबाज के नाम सबसे अधिक विकेट, विजेताओं की लिस्ट भी देखें