इंटरनेशनल क्रिकेट में कई बड़े नाम हैं जो संन्यास को लेकर चर्चा में बने रहते हैं. कुछ खिलाड़ियों का संन्यास पत्थर की लकीर तो कुछ संन्यास से अपना नाम वापस ले लेते हैं. ऐसा ही कुछ इंग्लैंड क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर मोईन अली ने किया है. उन्होंने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था, लेकिन अब अचानक डोमेस्टिक रिटायरमेंट से नाम वापस ले लिया है. मोईन ने सीजन 2026 के लिए ब्लास्ट कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है.
2027 तक खेल सकते हैं मोईन अली.
मोईन अली के इस कॉन्ट्रैक्ट को 2027 तक बढ़ाया जा सकता है. मोईन अली की घरेलू क्रिकेट में वापसी और कॉन्ट्रैक्ट की पुष्टि यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने बुधवार को की. मोईन ने क्लब द्वारा जारी एक बयान में कहा, ‘मैं ब्लास्ट के लिए यॉर्कशायर में शामिल होकर बहुत खुश हूं. यह एक बहुत बड़ा क्लब है जिसका इतिहास बहुत शानदार रहा है, लेकिन जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, वह यह है कि टीम किस ओर जा रही है. टीम में बहुत प्रतिभा है.’
हेडिंग्ले में खेलना पसंद- मोईन अली
उन्होंने आगे कहा, ‘एंथनी के साथ काम करने और ग्रुप को आगे बढ़ाने में मदद करने का मौका मेरे लिए रोमांचक है. मुझे हमेशा हेडिंग्ले में खेलना पसंद रहा है. विकेट, माहौल और समर्थक इसे एक खास जगह बनाते हैं. यह एक नई चुनौती जैसा लगता है और मैं इसके लिए भूखा हूं. मैं अपना अनुभव लाना चाहता हूं, अपने क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं और यॉर्कशायर को मुकाबला करने में मदद करना चाहता हूं.’
यार्कशायर की टीम का खिताबी सूखा
यॉर्कशायर ने अभी तक ब्लास्ट का खिताब नहीं जीता है और पिछले साल नॉर्थ ग्रुप की नौ टीमों में से आठवें स्थान पर रही थी. क्लब ने ऑफ-सीजन के दौरान डेविड मलान को ग्लूस्टरशायर और जॉर्डन थॉम्पसन को वारविकशायर के हाथों गंवा दिया. टीम ने कुछ विदेशी खिलाड़ियों सैम व्हाइटमैन, एंड्रयू टाई, नवीन-उल-हक और लोगान वैन बीक को साइन किया था. यॉर्कशायर के क्रिकेट जनरल मैनेजर गेविन हैमिल्टन ने भी मोईन अली की जमकर तारीफ की.
ये भी पढ़ें.. अजित पवार की मौत से क्रिकेट जगत में भी शोक की लहर, सचिन-रहाणे का छलका दर्द
कैसा है टी20 रिकॉर्ड
मोईन अली के पास टी20 क्रिकेट का अपार अनुभव है. आईपीएल के साथ ही दुनिया की कई बड़ी लीग का हिस्सा रहे हैं और अपने प्रदर्शन से अपनी फ्रेंचाइजियों को लाभ पहुंचाया है. आईपीएल में सीएसके के साथ 2 बार खिताब जीतने वाले मोईन ने 2018 में वॉर्सेस्टरशायर को पहली बार वाइटैलिटी ब्लास्ट का खिताब दिलवाया था. मोईन अली के टी20 करियर पर नजर डालें तो अंतरराष्ट्रीय और लीग क्रिकेट मिलाकर खेले कुल 420 मैचों की 375 पारियों में 3 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 7,792 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 121 है. इसके अलावा वो 271 विकेट भी ले चुके हैं। उनका अनुभव यॉर्कशायर के लिए अगले सीजन में बहुमूल्य साबित हो सकता है.
