
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले को 50 रन से जीत लिया. उसने बुधवार (28 जनवरी) को टॉस हारने के बाद विशाखापत्तनम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 215 रन बनाए. इसके जवाब में भारतीय टीम 18.4 ओवरों में 165 रन ही बना सकी. टीम इंडिया इस हार के बावजूद सीरीज में 3-1 से आगे है. उसने पहले ही इसे जीत लिया है और पांचवां मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा.
तीन बड़ी टीमों के खिलाफ लंबा इंतजार खत्म
भारत मिली इस जीत ने न्यूजीलैंड के कलेजे में ठंडक पहुंचाई है. उसका महीनों का इंतजार समाप्त हुआ. दरअसल, कीवी टीम सितंबर 2023 के बाद ऑस्ट्रेलिया, भारत या इंग्लैंड के खिलाफ एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं जीत पाई थी. क्रिकेट के ‘बिग थ्री’ कहे जाने वाले देशों के खिलाफ उसने लगातार हार झेली. अब इन तीन देशों के खिलाफ कुल मिलाकर 13 मैचों के बाद उसे जीत नसीब हुई है.
भारत का सबसे बड़ा दुश्मन
भारतीय जमीन पर न्यूजीलैंड ने टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ पांचवीं बार रन का बचाव किया है. उसने 5 बार टारगेट को डिफेंड करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है, क्योंकि उसके अलावा किसी भी देश ने भारतीय जमीन पर टीम इंडिया के खिलाफ ऐसा नहीं किया है. अन्य टीमों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका ने 2-2 बार ऐसा किया है. इंग्लैंड एक बार भारतीय जमीन पर टीम इंडिया के खिलाफ टारगेट को डिफेंड करने में सफलता हासिल की है. इस तरह न्यूजीलैंड ने अन्य टीमों की 5 जीतों के बराबर अकेले 5 मुकाबले जीते हैं.
ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के बल्ले ने दिया धोखा, बना शर्मनाक रिकॉर्ड, रोहित शर्मा-केएल राहुल और संजू सैमसन के लिस्ट में नाम दर्ज
घरेलू मैदान पर दूसरी बड़ी हार
भारत की घरेलू मैदान पर रनों के हिसाब से ये दूसरी बड़ी हार है. उसे 2025 में मुल्लांपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. अब न्यूजीलैंड ने 50 रनों से हराया है.
ये भी पढ़ें: सैमसन एक और मौका गंवाया… Vizag में भी नहीं चला संजू का बल्ला, सूर्या-गंभीर को दे दी टेंशन
घर पर रनों के मामले में भारत की सबसे बड़ी हार
51 रन- खिलाफ साउथ अफ्रीका, मुल्लांपुर, 2025
50 रन- खिलाफ न्यूजीलैंड, विशाखापत्तनम, 2026
49 रन- खिलाफ साउथ अफ्रीका, इंदौर, 2022
47 रन- खिलाफ न्यूजीलैंड, नागपुर, 2016
40 रन- खिलाफ न्यूजीलैंड, राजकोट, 2017
