Trump military operation in Venezuela: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगुवाई में वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में तीखी बहस देखने को मिली. सबसे बड़ा सवाल यही था आखिर ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाकर गिरफ्तार क्यों करवाया? इस सवाल का जवाब देने खुद अमेरिकी विदेश मंत्री मारको रुबियो सीनेट की विदेश संबंध समिति (Senate Foreign Relations Committee) के सामने पहुंचे. यह सुनवाई 3 जनवरी को हुई कार्रवाई के बाद पहली सार्वजनिक सुनवाई थी.

‘मादुरो अमेरिका के लिए सीधा खतरा बन चुके थे’
मारको रुबियो ने साफ शब्दों में कहा कि मादुरो का शासन अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका था. उन्होंने कहा, “हमारे ही पश्चिमी गोलार्ध में एक ऐसा शासन चल रहा था, जो ड्रग तस्करी, अवैध नेटवर्क और अमेरिका के दुश्मनों के लिए काम कर रहा था.” रुबियो के मुताबिक, मादुरो के दौर में वेनेजुएला चीन, रूस और ईरान के लिए एक तरह से रणनीतिक अड्डा बन गया था.

चीन को सस्ता तेल, वो भी अमेरिका से चोरा-चोरी
सुनवाई के दौरान रुबियो ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया. उन्होंने बताया कि चीन वेनेजुएला से करीब 20 डॉलर प्रति बैरल सस्ता तेल ले रहा था. इतना ही नहीं, कई बार चीन ने इसके बदले पैसे भी नहीं दिए. तेल को पुराने कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल किया गया. रुबियो ने कहा, “यह वेनेजुएला की जनता का तेल था, जिसे बार्टर सिस्टम में चीन को सौंप दिया गया.”

Add Zee News as a Preferred Source

रूस और ईरान की भी गहरी पैठ
अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया कि सिर्फ चीन ही नहीं, बल्कि रूस और ईरान भी वेनेजुएला में सक्रिय थे. उनके मुताबिक यह स्थिति अमेरिका के लिए इसलिए ज्यादा खतरनाक थी क्योंकि यह सब कुछ दूसरे महाद्वीप में नहीं, बल्कि अमेरिका के अपने इलाके में हो रहा था.

क्या वेनेजुएला पर फिर हमला करेगा अमेरिका? 
यही वह सवाल था, जिस पर सीनेट में सबसे ज्यादा बहस हुई. डेमोक्रेट सांसदों ने आशंका जताई कि कहीं ट्रंप सरकार वेनेजुएला में दोबारा सैन्य कार्रवाई की तैयारी तो नहीं कर रही.इस पर मारको रुबियो ने बेहद साफ और सीधा जवाब दिया. उन्होंने कहा, “मैं पूरी निश्चितता के साथ कह सकता हूं कि फिलहाल अमेरिका न तो किसी और सैन्य कार्रवाई की तैयारी में है और न ही ऐसी कोई योजना है.”

कब हो सकता है सैन्य कदम?
हालांकि रुबियो ने यह भी जोड़ा कि अगर भविष्य में कोई तत्काल और गंभीर खतरा सामने आता है, तभी ऐसे विकल्प पर विचार किया जाएगा. लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि इस समय ऐसा कोई खतरा अमेरिका को नजर नहीं आ रहा है.

अब वेनेजुएला में क्या करेगा अमेरिका?
रुबियो के मुताबिक अमेरिका अब वेनेजुएला की अंतरिम सरकार के साथ मिलकर हालात को स्थिर करने पर काम करेगा. उन्होंने कहा कि हालात रातोंरात नहीं बदलेंगे, लेकिन चार हफ्तों में जो प्रगति हुई है, वह उम्मीद जगाने वाली है.

तेल बेचने की मिलेगी इजाजत, लेकिन शर्तों के साथ
अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया कि वेनेजुएला को सीमित रूप से तेल बेचने की अनुमति दी जाएगी. लेकिन उससे होने वाली कमाई एक US Treasury की निगरानी वाले खाते में जाएगी. इस पैसे का इस्तेमाल पुलिस, स्वास्थ्य और बुनियादी सेवाओं पर तभी होगा, जब अमेरिका वेनेजुएला का बजट मंजूर करेगा.

सीनेट में दो धड़ों की लड़ाई
इस पूरी सुनवाई के दौरान रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों के बीच जबरदस्त मतभेद साफ नजर आए. रिपब्लिकन सांसदों ने ट्रंप सरकार के फैसले को अमेरिका की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया, जबकि डेमोक्रेट्स ने इसे आक्रामक विदेश नीति करार दिया.