News in Brief

बांग्लादेश की टीम ने जब भारत आकर अपने टी20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से मना कर दिया था तो पाकिस्तान तुरंत इस विवाद में कूद गया. पाकिस्तान ने बांग्लादेश को भारत न आने के उनके स्टैंड पर डटे रहने की सलाह दी थी और अपने सहयोग का भरोसा भी दिया था. बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले कुछ समय में आपसी संबंध लगातार खराब हुए हैं. बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं. इन घटनाओं ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों के बीच कटुता पैदा की है. वहीं, भारत से जैसे-जैसे बांग्लादेश के संबंध खराब हुए हैं, पाकिस्तान के साथ ठीक वैसे ही उसकी निकटता बढ़ी है.

पाकिस्तान ने क्यों दिया बांग्लादेश का साथ?

बांग्लादेश ने ICC के सामने अपनी मांग रखी थी कि उसके टी20 वर्ल्ड कप के सारे मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में आयोजित किए जाएं. ICC ने बांग्लादेश का अनुरोध नहीं माना. इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपनी सरकार की सलाह पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है. ICC ने टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को जगह दे दी. बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने को पाकिस्तान ने भी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की धमकी दी. पीसीबी का कहना है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ करेंगे. खबरें आ रही है कि अभी टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर अनिश्चितता के बावजूद, पाकिस्तानी टीम ने ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ लाहौर से एयर लंका की फ्लाइट से कोलंबो जाने की बुकिंग कर ली है.

Add Zee News as a Preferred Source

ये रही विवाद की असली जड़

अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि भारत के साथ टकराव में पाकिस्तान ने क्यों बांग्लादेश का साथ दिया. दरअसल, यह विवाद खेल से जरूर जुड़ा है, लेकिन इसके पीछे की वजह बहुत ज्यादा पॉलिटिकल है. इन तीनों देशों के बीच दशकों से टूटे हुए रिश्ते हैं. 1947 में ब्रिटिश इंडिया के बंटवारे के बाद, भारत एक आजाद देश बना, जबकि मुस्लिम-बहुमत वाला पाकिस्तान बनाया गया जिसके पूर्वी और पश्चिमी हिस्से 2,000km (1,300 मील) ज्यादा दूरी पर थे. 1971 में एक युद्ध के बाद पूर्वी हिस्सा अलग होकर बांग्लादेश बन गया. भारतीय सैनिकों ने बांग्लादेश के संस्थापक और शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान को सपोर्ट करने में अहम भूमिका निभाई थी. साल 2024 में भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते शेख हसीना को सत्ता से हटाने के बाद टूट गए. बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच जो रिश्ते पहले लगभग खत्म हो चुके थे, वे तेजी से सुधर गए.

अब क्या होगा पाकिस्तान का अगला कदम?

जब बांग्लादेश ICC के साथ बातचीत कर रहा था, तब पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने गवर्निंग बॉडी की खुलेआम आलोचना की थी. मोहसिन नकवी ने ICC पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. मोहसिन नकवी ने ICC पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘आप एक देश (भारत) के लिए यह नहीं कह सकते कि वे जो चाहें कर सकते हैं. बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है, उन्हें वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए था. वे क्रिकेट में एक बड़े स्टेकहोल्डर हैं.’ बता दें कि सोमवार को मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी टीम को भेजने या न भेजने पर सलाह लेने के लिए इस्लामाबाद में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात की. सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के पीएम शरीफ ने बांग्लादेश का समर्थन करने के पीसीबी के रुख का समर्थन किया, लेकिन उन्हें किसी भी वित्तीय नुकसान से बचने के लिए टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार न करने की सलाह दी.

पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेला तो?

अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ तो उसकी जगह युगांडा को मौका दिया जा सकता है. इसके बाद ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कड़े प्रतिबंध लगा सकती है. इसमें ICC, ACC प्रतियोगिताओं से बैन करना, द्विपक्षीय सीरीज की अनुमति न देना, और पीएसएल के लिए विदेशी खिलाड़ियों को एनओसी न देना सहित कुछ आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं. हालांकि एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी टीम सोमवार को कोलंबो के लिए रवाना होगी, तब तक PCB टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम की भागीदारी की घोषणा कर सकती है. पाकिस्तान गुरुवार से लाहौर में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में ऑस्ट्रेलिया से भी भिड़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार सभी खिलाड़ियों को बताया गया है कि टी20 वर्ल्ड कप में भागीदारी के मामले में उन्हें पॉजिटिव मूड में रहना चाहिए.